अरुणाचल : ताई तागाक राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित
इटानगर, 11 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार ताई तागाक को गुरुवार काे निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। नामांकन वापस लेने की समय-सीमा खत्म होने तक मैदान में कोई अन्य उम्मीदवार नहीं था।
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर यह जानकारी दी और कहा कि ताई तागाक का राज्यसभा सांसद के तौर पर निर्विरोध चुना जाना अरुणाचल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है।
वर्षों तक राज्य की सेवा करने के बाद, अब उन पर राष्ट्रीय स्तर पर हमारे लोगों की उम्मीदों, चिंताओं और आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी है। सार्वजनिक जीवन में उनका व्यापक अनुभव निश्चित रूप से संसद में अरुणाचल प्रदेश की आवाज को मजबूत करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस योग्य उपलब्धि के लिए उन्हें मेरी हार्दिक बधाई। उनका कार्यकाल हमारे राज्य और देश की प्रगति में सार्थक योगदान वाला हो।
राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख गुरुवार को दोपहर 3 बजे समाप्त हो गई थी। एकमात्र सीट के लिए केवल एक उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल किया गया था, इसलिए रिटर्निंग ऑफिसर तादार मीना ने तागाक को विधिवत निर्वाचित घोषित कर दिया।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

