अपना दल (सोनेलाल) के राष्ट्रीय सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित
अनुप्रिया पटेल ने विपक्ष पर बोला हमला, कहा- एनडीए सरकार ने पीडीए के उत्थान के लिए काफी काम किए
लखनऊ, 02 नवंबर (हि.स.)। अपना दल (सोनेलाल) का राष्ट्रीय सम्मेलन सोमवार को राजधानी लखनऊ स्थित गांधी सभागार, कैसरबाग में आयोजित किया गया। सम्मेलन में पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के नाम का प्रस्ताव राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए विधायक रिंकी कोल द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार करते हुए उन्हें पुनः तीसरी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
पुनर्निर्वाचन के बाद अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की हर सीट पर अपनी तैयारी रखेगी। एनडीए में जितनी सीटें मिलेंगी, पार्टी पूरी ताकत के साथ उन पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अनुप्रिया पटेल ने विपक्ष के मॉक पार्लियामेंट प्रदर्शन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मॉक पार्लियामेंट (विपक्षी गठबंधन) के नाम पर लोकतंत्र का मजाक बनाया जा रहा है। वहीं, पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने इसके लिए काफी काम किया है।
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आर.पी. गौतम सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी सम्मेलन में मौजूद रहे।
राष्ट्रीय सम्मेलन में पार्टी के विधायक जय कुमार सिंह जैकी, विधायक आर.के. पटेल, विधायक रश्मि आर्य, विधायक डॉ. सुरभि, विधायक जीतलाल, विधायक राकेश द्विवेदी, पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव नागेंद्र पटेल, विभिन्न मंचों के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ओ.पी. कटियार, राष्ट्रीय महासचिव आर.बी. सिंह एवं के.के. पटेल, राष्ट्रीय सचिव गिरिजेश पटेल एवं विनोद गंगवार, राष्ट्रीय सलाहकार राजेंद्र पाल, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रेखा पटेल एवं राम लखन पटेल सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सम्मेलन में पार्टी के संविधान में कई महत्वपूर्ण संशोधनों एवं बदलावों पर भी चर्चा की गई तथा आवश्यक प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीति, पार्टी के विस्तार तथा सामाजिक न्याय से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
अनुप्रिया पटेल का पुनः सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होना पार्टी की एकजुटता और उनके नेतृत्व के प्रति कार्यकर्ताओं के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उनके नेतृत्व में अपना दल (सोनेलाल) सामाजिक न्याय, समतामूलक विकास और संगठनात्मक मजबूती के संकल्प के साथ नई राजनीतिक ऊंचाइयों की ओर अग्रसर रहेगा।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

