home page

श्रीकाकुलम में ट्रेन की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत, एक गंभीर

 | 

-आंध्र के मुख्यमंत्री नायडू ने हादसे पर जताया दुख

हैदराबाद, 23 सितंबर (हि.स.)। आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के टेक्कली मंडल में रविवलासा के पास बुधवार दोपहर राज्य रानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब सभी छात्र तालाब से मछली पकड़कर लौटते हुए बर्मा कॉलोनी के पास रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान विशाखा राव, दिलीप, शरद और शिव के रूप में हुई है। घायल छात्र सलमान राजू को टेक्कली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

टेक्कली थाना पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भुवनेश्वर से गुनुपुर जा रही राज्य रानी एक्सप्रेस ने रेलवे ट्रैक पार कर रहे छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चार छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई।

अधिकारी के अनुसार, सभी मृतक और घायल छात्र इंटरमीडिएट (कक्षा 12) में पढ़ रहे थे और टेक्कली स्थित सरकारी एससी/एसटी छात्रावास में रह रहे थे। सभी टेक्कली मंडल के डमरू गांव के निवासी थे।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों का निरीक्षण कर प्राथमिक साक्ष्य जुटाए।

इस बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों से घटना की जानकारी मांगी। मुख्यमंत्री ने घायल छात्र को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj