home page

बंगाल की जनता बदलाव चाहती है, तृणमूल सरकार 4 मई को जाएगी : अनुराग ठाकुर

 | 
बंगाल की जनता बदलाव चाहती है, तृणमूल सरकार 4 मई को जाएगी : अनुराग ठाकुर


कोलकाता, 21 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मंगलवार को कोलकाता में आयोजित पत्रकार वार्ता में दावा किया कि इस बार चुनाव ममता बनर्जी बनाम जनता के बीच है। उन्होंने कहा कि जब जनता चुनाव अपने हाथ में लेती है, तो परिणाम एकतरफा होता है।

राज्य भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उनके साथ हर्षवर्धन श्रिंगला भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राज्य भाजपा के मुख्य प्रवक्ता देवजीत सरकार ने की। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में राज्य सरकार केवल तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सरकार बनकर रह गई और जनता के हितों की अनदेखी हुई।

अनुराग ठाकुर ने इस मौके पर आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार ने तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद की राजनीति की है, जिसका जवाब जनता इस चुनाव में देगी। उन्होंने दावा किया कि 4 मई को टीएमसी सरकार सत्ता से बाहर हो जाएगी।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर बेरोजगार युवक-युवतियों और महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा एक करोड़ रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे, नौकरी परीक्षाओं में पांच वर्षों की आयु छूट दी जाएगी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 15 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही सभी रिक्त पदों पर पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां की जाएंगी।

युवाओं के लिए खेल सुविधाओं पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल प्रशिक्षण ढांचा तैयार किया जाएगा, जिससे राज्य के युवा केवल नौकरी लेने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बन सकें।

राज्य की मौजूदा स्थिति पर निशाना साधते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि पश्चिम बंगाल में प्रतिभाओं के साथ अन्याय हुआ है और नौकरियां छीनी गई हैं। उन्होंने दावा किया कि जहां देश में बेरोजगारी दर लगभग पांच प्रतिशत है, वहीं राज्य में यह 25 प्रतिशत तक पहुंच गई है। उन्होंने यह भी कहा कि स्नातकोत्तर स्तर पर बेरोजगारी 47.6 प्रतिशत और डिप्लोमा धारकों में 31.3 प्रतिशत है। उनके अनुसार राज्य में 23 लाख पंजीकृत बेरोजगार हैं और 2015-16 से अब तक करीब 30 लाख नौकरियां समाप्त हो चुकी हैं।

वहीं, हर्षवर्धन श्रिंगला ने कहा कि उत्तर बंगाल समेत विभिन्न क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारी जनसमर्थन मिला है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल की जनता अब परिवर्तन के लिए तैयार है और भाजपा को सत्ता में लाना चाहती है।

पत्रकार वार्ता के बाद अनुराग सिंह ठाकुर ने पार्टी नेताओं के साथ पारंपरिक मछली-भात का भोजन भी किया।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर