कांग्रेस में “चढ़ावा संस्कृति” से तय होती है पद और जिम्मेदारीः अनुराग ठाकुर
नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस में चढ़ावा संस्कृति का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में पद और जिम्मेदारी इसी के आधार पर तय होती हैं। उन्होंने दावा किया कि एक कथित ऑडियो टेप और हालिया राजनीतिक चर्चाओं में कांग्रेस नेताओं से जुड़े ऐसे गंभीर आरोप सामने आए हैं।
अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस में “चढ़ावा संस्कृति” छिपी बात नहीं रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार को लेकर भी ऐसी चर्चाएं हैं कि मंत्रिमंडल में लगभग 80 प्रतिशत मंत्री पद कथित रूप से इसी के आधार पर तय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि योजना में कथित गबन के मामले में अभियुक्त रहे और पहले सिद्धरमैया मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे चुके विधायक नागेंद्र को दोबारा मंत्री बनाए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं, जो इस पूरी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
भाजपा सांसद ने कहा कि ये सभी आरोप कांग्रेस हाईकमान की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को इन आरोपों पर जवाब देना चाहिए और पारदर्शिता के साथ सच्चाई सामने रखनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

