home page

सूरत कोर्ट का अनुराग कश्यप पर शिकंजा, समन के बाद भी पेश नहीं हुए तो वारंट जारी

 | 
सूरत कोर्ट का अनुराग कश्यप पर शिकंजा, समन के बाद भी पेश नहीं हुए तो वारंट जारी


सूरत, 02 नवंबर (हि.स.)। सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सूरत की अदालत ने उनके लगातार अनुपस्थित रहने पर कड़ा रुख अपनाते हुए उनके खिलाफ वारंट जारी किया है। मामले में अगली सुनवाई 24 दिसंबर को निर्धारित की गई है।

मामले के अनुसार वर्ष 2025 में अनुराग कश्यप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ब्रह्म समाज और ब्राह्मणों को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। आदित्य दत्ता नामक एक जागरूक नागरिक ने अनुराग कश्यप से पोस्ट हटाने और मर्यादा बनाए रखने की अपील की थी। आरोप है कि इसके बावजूद कश्यप ने सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया।

इसके बाद सूरत में उनके खिलाफ विधिवत शिकायत दर्ज कराई गई। अदालत ने मामले में समन जारी किए और नियमानुसार समाचार पत्र में सार्वजनिक नोटिस के माध्यम से भी उन्हें सूचित किया गया। इसके बावजूद वे अदालत में उपस्थित नहीं हुए।

समन की तामील के बाद भी अनुपस्थिति

शिकायतकर्ता और अधिवक्ता कमलेश रावल के अनुसार वे पिछले 34 वर्षों से सूरत में वकालत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप द्वारा ब्राह्मण समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किए जाने और माफी नहीं मांगने के बाद उन्होंने कानूनी कार्रवाई शुरू की थी। अदालत ने समन जारी किए, लेकिन कश्यप पेश नहीं हुए। इसके बाद अदालत ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार 19 मार्च 2025 को अनुराग कश्यप ने अपने ट्विटर अकाउंट पर ब्रह्म समाज और ब्राह्मणों को निशाना बनाते हुए एक विवादित पोस्ट की थी। इस पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर नाराजगी देखने को मिली थी। मामले में शिकायतकर्ता ने इसे सामाजिक मर्यादा के विरुद्ध बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे