home page

नशे से दूर रहें और खेल को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं युवा : अनुप्रिया पटेल

 | 
नशे से दूर रहें और खेल को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं युवा : अनुप्रिया पटेल


लखनऊ, 27 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने गुरूवार को लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में माय भारत की ओर से आयोजित “खेलो इंडिया संवाद' कार्यक्रम में भाग लेते हुए छात्रों से संवाद किया।

केन्द्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा खेल को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने तथा अपने आसपास के युवाओं को भी नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

अनुप्रिया पटेल ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को “विकसित भारत-नशा मुक्त युवा” की शपथ दिलाई गई। छात्रों ने स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार, परिसर और समुदाय को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में युवाओं को माय भारत पोर्टल पर चल रहे विकसित भारत यंग लीडर्स डायलाग 2027 में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। युवाओं को बताया गया कि यह क्विज उन्हें अपनी प्रतिभा, ज्ञान, नेतृत्व क्षमता एवं विकसित भारत के संबंध में अपने विचारों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।

लखनऊ में एक साथ नौ स्थान पर हुए कार्यक्रम

राजधानी लखनऊ में खेलो इंडिया संवाद के तहत गुरूवार को नौ संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किये गये। इन संस्थानों में बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय, बाबासाहेब भीम राव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, महार्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, नेशनल पीजी कॉलेज, आर.आर. इंस्टीट्यूट ऑफ मॉडर्न टेक्नोलॉजी, सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी तथा सरस्वती डेंटल कॉलेज शामिल रहे।

लखनऊ के भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए अपने क्रिकेट सफर, मेहनत, संघर्ष और खेल के अनुभव साझा किए। रिंकू सिंह ने युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा खेल और शिक्षा दोनों में निरंतर उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन