home page

अन्नपूर्णा देवी ने श्रीलंका की मंत्री सावित्री से की मुलाकात

 | 
अन्नपूर्णा देवी ने श्रीलंका की मंत्री सावित्री से की मुलाकात


नई दिल्ली, 13 मई (हि.स.)। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बुधवार को श्रीलंका की महिला एवं बाल विकास मंत्री सरोजा सावित्री पॉलराज से मुलाकात की। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित बैठक में श्रीलंका की महिला सांसद भी मौजूद रहीं। श्रीलंकाई महिला सांसदों की यह भारत यात्रा पिछले साल दिसंबर में भारत की राजकीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और श्रीलंकाई राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के बीच हुई चर्चाओं के बाद हो रही है।

मंत्रालय के बयान के अनुसार बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल को महिला-नेतृत्व वाले विकास के लिए भारत की प्रमुख पहलों के बारे में जानकारी दी गई। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इस बात पर जोर दिया कि भारत महिलाओं को केवल कल्याण योजनाओं की निष्क्रिय लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्रीय विकास की सक्रिय शक्ति के रूप में देखता है।

उन्होंने महिलाओं के सशक्तीकरण के प्रति भारत की विधायी, कार्यक्रमगत और संस्थागत प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।

दोनों पक्षों ने साझा रुचि के विभिन्न क्षेत्रों पर गहन विचार-विमर्श किया और दोनों मंत्रालयों के बीच संस्थागत संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

बैठक का समापन श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल को स्मृति-चिह्न भेंट करने तथा सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी