दर्शकों को हंसाना एक चुनौतीपूर्ण रचनात्मक अभ्यास है : अनिल रविपुड़ी
गोवा, 25 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता फिल्म निर्देशक अनिल रविपुड़ी ने कहा कि दर्शकों को हंसाना एक चुनौतीपूर्ण रचनात्मक अभ्यास है। कॉमेडी हमेशा गंभीर काम होता है। इसके लिए हास्य लिखने के साथ-साथ पारिवारिक भावनाओं और दर्शकों की अपेक्षाओं के बीच संतुलन बनाना पड़ता है। वह गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) 2026 के दौरान अपनी तेलुगु फिल्म ‘मना शंकरा वर प्रसाद गारू’ को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
164 मिनट की यह फिल्म भारतीय पैनोरमा के मुख्यधारा सिनेमा खंड में चुनी गई पांच फिल्मों में शामिल है। इस अवसर पर निर्देशक अनिल रविपुड़ी के साथ फिल्म के निर्माता साहू गरापति, के. सुष्मिता और अभिनेत्री कैथरीन ट्रेसा भी मौजूद रहीं।
अनिल रविपुड़ी ने कहा कि यह अनुमान लगाना मुश्किल होता है कि दर्शकों को कौन-सा मजाक पसंद आएगा और कौन-सा नहीं। उन्होंने अपनी लेखन टीम के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका प्रयास ऐसी कहानियां तैयार करना है, जिन्हें हर उम्र के दर्शक पसंद कर सकें। खासकर चिरंजीवी जैसे सुपरस्टार के साथ काम करते समय दर्शकों की अपेक्षाओं का ध्यान रखना भी एक बड़ी जिम्मेदारी होती है।
चिरंजीवी के निर्देशन के अनुभव साझा करते हुए रविपुड़ी ने कहा कि वह बचपन से ही उनकी फिल्में देखते आए हैं। वर्षों से चिरंजीवी की अलग-अलग भूमिकाओं और अभिनय की खूबियों से परिचित होने के कारण उन्हें ऐसी सरल पारिवारिक कहानी तैयार करने में मदद मिली, जिसमें अभिनेता की विशिष्ट खूबियों को सामने लाया जा सके।
संक्रांति के आसपास फिल्में रिलीज करने के बारे में उन्होंने कहा कि यह त्योहार पारिवारिक मनोरंजन वाली फिल्मों के लिए स्वाभाविक रूप से अनुकूल होता है। इस दौरान परिवार के लोग एक साथ समय बिताते हैं और सिनेमाघरों में फिल्में देखने जाते हैं। उन्होंने कहा कि सिनेमा रोजमर्रा की जिंदगी के तनाव से राहत देने का माध्यम है। दर्शकों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही उन्हें इस तरह की फिल्में बनाने के लिए प्रेरित करता है।
अभिनेत्री कैथरीन ट्रेसा ने फिल्म में काम करने के अनुभव को सीखने का अच्छा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि चिरंजीवी जैसे अनुभवी अभिनेता के साथ काम करना उनके लिए महत्वपूर्ण अनुभव रहा। गंभीर भूमिकाओं से हल्के-फुल्के किरदारों की ओर अपने बदलाव पर उन्होंने कहा कि एक कलाकार के लिए अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाने की क्षमता और निर्देशक की सोच को समझना बेहद जरूरी है।
उन्होंने इफ्फी में फिल्म के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि वह व्यावसायिक मनोरंजक फिल्म के माध्यम से व्यापक दर्शकों तक पहुंचना चाहती थीं।
रविपुड़ी ने फिल्म महोत्सवों में मुख्यधारा की फिल्मों को भी स्थान दिए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि फिल्म महोत्सवों में कलात्मक और तकनीकी उत्कृष्टता वाली फिल्मों के साथ ऐसी व्यावसायिक फिल्मों को भी पहचान मिलनी चाहिए, जो बड़ी संख्या में दर्शकों से जुड़ती हैं।
इफ्फी 2026 में फिल्म की प्रस्तुति इस बात को रेखांकित करती है कि भारतीय सिनेमा में लोकप्रिय और मुख्यधारा की फिल्मों का भी महत्वपूर्ण स्थान है। ऐसी फिल्में हास्य, भावनाओं और पारिवारिक अनुभवों के जरिए दर्शकों को एक साथ जोड़ने का काम करती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

