home page

सांसद अनिल बलूनी के आवास पर धूमधाम से मना इगास-बग्वाल, अमित शाह ने प्रज्ज्वलित की पवित्र अग्नि

 | 
सांसद अनिल बलूनी के आवास पर धूमधाम से मना इगास-बग्वाल, अमित शाह ने प्रज्ज्वलित की पवित्र अग्नि


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)।

देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक लोकपर्व इगास-बग्वाल की रौनक गुरुवार को दिल्ली में भी देखने को मिली। गढ़वाल से भाजपा सांसद एवं पार्टी के राष्ट्रीय कम्युनिकेशन प्रमुख अनिल बलूनी के दिल्ली स्थित आवास पर इस पर्व का भव्य आयोजन किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पवित्र अग्नि प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी शिरकत की। समारोह में स्वामी चिदानंद महाराज, आचार्य स्वामी अवधेशानंद गिरि, स्वामी कैलाशानंद गिरि और बागेश्वर धाम सरकार सहित अनेक संत-महात्माओं की उपस्थिति रही।

उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों से पहुंचे लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-दमाऊ की थाप पर लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत किए। भैलो की रोशनी और लोकगीतों की गूंज ने दिल्ली में पहाड़ की संस्कृति और परंपराओं का जीवंत दृश्य प्रस्तुत किया।

सांसद अनिल बलूनी ने अपनी पत्नी डॉ. दीप्ति बलूनी के साथ सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इगास के प्रति लोगों का बढ़ता जुड़ाव उन्हें अपनी मिट्टी और जड़ों से जोड़ रहा है। यह पर्व केवल उल्लास का अवसर नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और समरसता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पहाड़ों से पलायन रोकने और गांवों को फिर से आबाद करने में इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी