अमृतसर से मिला पांच किलो RDX, इससे पहले गुरदासपुर से हुई थी बरामदगी
| Jan 14, 2022, 19:45 IST
पंजाब राज्य के गुरदासपुर में RDX मिलने के बाद अब अमृतसर के सीमांत गांव धनोए कलां में 5 किलो आरडीएक्स मिला है. मिली जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह बरामद हुआ यह विस्फोटक पदार्थ आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान पंजाब को दहलाने के लिए इस्तेमाल किया जाना था. गौरतलब है कि यह RDX गांव की मुख्य सड़क के पास ही एक खेत में बहुत बारीकी से छुपा कर रखा गया था. STF के AIG रशपाल सिंह ने मीडिया सूत्रों से बातचीत के दौरान बताया कि हमें वाघा-अटारी सीमा के पास के एक गांव में ड्रग्स के बारे में सूचना मिली थी, लेकिन जब हम वहां पहुंचे तो पाया कि यह करीब 5 किलो वजन का IED है. हमने स्थल से 1 लाख रुपये भी बरामद किए हैं. यह पाकिस्तान से आया है, हम इस मामले की सघन जांच कर रहे हैं. गौरतलब है कि विस्फोटक की बरामदगी के बाद स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम ने पूरे गांव में गहन सर्च अभियान शुरू कर दिया है. इसकी जानकारी मिलते ही SSP राकेश कौशल सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए और भारत-पाक सीमा से कुछ ही दूरी पर स्थित यह गांव और इस गांव के आस-पास का पूरे इलाके को पुलिस ने छावनी में तबदील कर दिया. गौरतलब है कि हथियार मिलने के बाद मौके पर एंटी बम स्कवायड को बुलाया गया है. वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने इलाके के कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है.

