home page

अटारी-वाघा बॉर्डर से लौट रही लंदन की महिला बनी स्नैचिंग का शिकार, मोबाइल छीना

 | 

- सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर सुनाई आपबीती

अमृतसर, 06 नवंबर (हि.स.)। अटारी-वाघा बॉर्डर घूमकर वापस लौट रही लंदन निवासी महिला पर्यटक से अमृतसर के राम तलाई इलाके में मोटरसाइकिल सवार अज्ञात झपटमार उसका करीब डेढ़ लाख रुपये की कीमत वाला मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार लंदन की रहने वाली महिला लाली पंजाबी संगीत वीडियो में भी काम कर चुकी है। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब महिला ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर अमृतसर में अपने साथ हुई वारदात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अटारी-वाघा बॉर्डर से लौटते समय बाइक सवार झपटमार उनका कीमती मोबाइल छीनकर फरार हो गया। रामबाग थाने में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल चोरी होने के बावजूद महिला ने अमृतसर के एक ऑटो चालक और होटल मालिक की सराहना की, जिन्होंने मुश्किल समय में उनकी मदद की। महिला ने बताया कि बाद में उनके एक दोस्त ने वापसी के लिए हवाई यात्रा की टिकट का इंतजाम किया। लाली ने अपने वीडियो के माध्यम से अमृतसर आने वाले पर्यटकों को सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शहर में घूमते समय अपने मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH