home page

भ्रष्टाचार पर लगाएंगे रोक, कल्याणकारी योजनाओं पर लगेगा धनः अमित शाह

 | 
भ्रष्टाचार पर लगाएंगे रोक, कल्याणकारी योजनाओं पर लगेगा धनः अमित शाह


कोलकाता/रानीगंज, 13 अप्रैल (हि.स.)। अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में चुनावी रैली के दौरान बड़ा दावा करते हुए कहा कि यदि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है तो भ्रष्टाचार पर रोक लगाकर जो धन बचाया जाएगा, उसी का उपयोग जनता के कल्याण के लिए किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और बेरोजगार युवाओं के लिए घोषित मासिक सहायता योजना को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया।

पश्चिम बर्धमान जिले के रानीगंज में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि पार्टी के संकल्प पत्र में महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को 3,000 रुपये मासिक सहायता देने का वादा किया गया है। इस पर ममता बनर्जी द्वारा उठाए गए वित्तीय स्रोत के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि “राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक लगाकर जो धन वसूला जाएगा, वही इन योजनाओं पर खर्च किया जाएगा।”

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के दौरान “सिंडिकेट राज” चल रहा है और मवेशी तस्करी, कोयला व बालू खनन, शिक्षक भर्ती, राशन वितरण और नगर निकायों में नियुक्तियों में व्यापक भ्रष्टाचार हुआ है। शाह ने कहा कि इन सभी मामलों की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी चुनाव के दोनों चरणों 23 अप्रैल और 29 अप्रैल में ऐसी पुख्ता व्यवस्था होगी कि किसी भी मतदाता को डराने-धमकाने की हिम्मत नहीं होगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल से जुड़े गुंडे मतदान के दिन घरों में ही रहें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

दिन में बोलपुर और खैरासोल में रैलियों के बाद यह शाह की तीसरी सभा थी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी पश्चिम बर्धमान जिले की सभी सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है और चार मई को मतगणना के बाद राज्य में सरकार बनाएगी।

बंगाल में नहीं बनने देंगे बाबरी मस्जिदहालिया राजनीतिक विवादों पर टिप्पणी करते हुए शाह ने पूर्व विधायक हुमायूं कबीर को लेकर तृणमूल कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि कबीर को अलग इकाई मानना गलत है और वह सत्तारूढ़ दल से ही जुड़े हुए हैं। उन्होंने यह भी दोहराया कि राज्य में बाबरी मस्जिद जैसी किसी संरचना के निर्माण की अनुमति नहीं दी जाएगी।

शाह ने घुसपैठ के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर किया जाएगा। उन्होंने यह भी वादा किया कि सीमा सुरक्षा बल को आवश्यक जमीन 45 दिनों के भीतर उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, पार्टी के संकल्प पत्र के अनुरूप समान नागरिक संहिता लागू करने की बात भी उन्होंने दोहराई।

----

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर