home page

(अपडेट) जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की स्थिति पर अमित शाह ने एलजी और मुख्यमंत्री से की बात, हरसंभव सहायता का दिया आश्वासन

 | 
(अपडेट) जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की स्थिति पर अमित शाह ने एलजी और मुख्यमंत्री से की बात, हरसंभव सहायता का दिया आश्वासन


नोट: मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी के बाद यह खबर दोबारा जारी की गई है।

नई दिल्ली, 19 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति को लेकर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से अलग-अलग बातचीत की। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

गृह मंत्रालय के अनुसार, अमित शाह ने दोनों नेताओं से प्रभावित क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति, राहत एवं बचाव अभियान तथा प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सुरक्षा और राहत कार्य केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा आवश्यकतानुसार हर प्रकार की सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ और राजौरी जिलों में रविवार तड़के हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई स्थानों पर अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) और भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं में जन-धन का नुकसान हुआ है। अब तक आठ लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई अन्य लोगों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन दल और अन्य एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त होने और मलबा आने से आवागमन भी प्रभावित हुआ है। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने का कार्य लगातार जारी है।

भारतीय मौसम विभाग ने पुंछ, राजौरी और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ समय तक भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

केंद्र और जम्मू-कश्मीर प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को और तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / उदय कुमार सिंह