पश्चिम बंगाल : सोमवार शाम अमित शाह का चंदननगर में रोड शो
हुगली, 27 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार सोमवार शाम थम गया। आगामी 29 अप्रैल को राज्य की 142 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इस अहम चरण से पहले सभी दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रचार के आखिरी दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हुगली जिले के चंदननगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार दीपांजन गुहा के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी और चुनावी माहौल चरम पर दिखाई दिया।
रोड शो के दौरान अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि किसी को डराने-धमकाने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए और चुनाव के बाद ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस बार राज्य में भाजपा सरकार बनने जा रही है।
चंदननगर में रोड शो के दौरान लोगों की भारी भागीदारी देखने को मिली। स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों ने राज्य में विकास और सांस्कृतिक पहचान को लेकर अपनी अपेक्षाएं भी व्यक्त कीं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 23 अप्रैल को पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हुआ था, जिसमें 92 प्रतिशत से अधिक रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। चुनाव आयोग ने इसे ऐतिहासिक बताया था। अब दूसरे चरण के मतदान के बाद चार मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे, जिन पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

