अमित शाह ने पेजावर मठ के संत विश्वप्रसन्न तीर्थ स्वामी से की भेंट
| Sep 21, 2026, 20:00 IST
नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने यहां सोमवार को पेजावर मठ के संत विश्वप्रसन्न तीर्थ स्वामी से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।
शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें पेजावर मठ के पूज्य संत श्री विश्वप्रसन्न तीर्थ स्वामी जी से मिलने और नई दिल्ली में उनके 39वें पवित्र चातुर्मास्य व्रत के दौरान उनका आशीर्वाद लेने का सौभाग्य मिला।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में चातुर्मास्य व्रत का पवित्र अनुष्ठान त्याग के सर्वोच्च गुण से परिचित कराता है। हमारे पूज्य संत ध्यान, संयम और आत्मजागरण के माध्यम से इसका पालन करते हैं।
गृहमंत्री ने कामना की कि स्वामी जी का आंतरिक प्रकाश मानवता के लिए मार्ग को निरंतर प्रकाशित करता रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

