home page

विश्व के सबसे बड़े दही उत्पादन संयंत्र का 19 जुलाई को कोलकाता में होगा भूमि पूजन, अमित शाह करेंगे कई सहकारी परियोजनाओं का शुभारंभ

 | 
विश्व के सबसे बड़े दही उत्पादन संयंत्र का 19 जुलाई को कोलकाता में होगा भूमि पूजन, अमित शाह करेंगे कई सहकारी परियोजनाओं का शुभारंभ


कोलकाता, 18 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 19 जुलाई को कोलकाता के न्यू टाउन कन्वेंशन सेंटर में अमूल बंगाल डेयरी परियोजना के तहत विश्व के सबसे बड़े दही उत्पादन संयंत्र का भूमि पूजन करेंगे। करीब 700 करोड़ रुपये की इस परियोजना के जरिए पश्चिम बंगाल में डेयरी सहकारिता को नई गति देने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जाएगा। इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सहित सहकारी क्षेत्र के कई प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

हावड़ा फूड पार्क में स्थापित की जा रही इस डेयरी परियोजना के पूरा होने पर प्रतिदिन 30 लाख लीटर दूध का प्रसंस्करण किया जा सकेगा। संयंत्र में रोजाना 10 लाख किलोग्राम दही और अन्य कल्चर्ड डेयरी उत्पाद तैयार होंगे। इसके अलावा प्रतिदिन 10 लाख लीटर पैकेज्ड दूध, दो लाख लीटर यूएचटी दूध, एक लाख लीटर आइसक्रीम, 20 मीट्रिक टन पनीर, 10 मीट्रिक टन घी, 10 मीट्रिक टन मिठाई और लगभग ढाई लाख पैक फ्लेवर्ड मिल्क के उत्पादन की भी क्षमता होगी।

इस परियोजना से पश्चिम बंगाल के 1.25 लाख से अधिक दुग्ध उत्पादक किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इनमें 30 हजार से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक भी शामिल हैं। वर्तमान में अमूल के सहकारी नेटवर्क के माध्यम से राज्य में प्रतिदिन करीब नौ लाख लीटर दूध का संग्रह किया जा रहा है। नई परियोजना से आधुनिक प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे किसानों को बेहतर बाजार और आय के नए अवसर मिलेंगे।

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह पश्चिम बंगाल में श्वेत क्रांति 2.0 के तहत नवगठित 200 से अधिक डेयरी सहकारी समितियों में से एक समिति को पंजीकरण प्रमाण-पत्र सौंपेंगे। साथ ही नवपंजीकृत 11 बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समितियों में से एक प्रतिनिधि समिति को भी प्रमाण-पत्र प्रदान करेंगे।

इस अवसर पर सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार कार्यालय के कम्प्यूटरीकरण के तहत विकसित e-RCS पोर्टल का भी शुभारंभ किया जाएगा। यह पोर्टल सहकारी समितियों के पंजीकरण और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को डिजिटल, पारदर्शी और अधिक सरल बनाने में मदद करेगा।

अमित शाह विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के तहत पश्चिम बंगाल के 10 जिलों में लगभग 5.98 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 14 भंडारण गोदामों का शिलान्यास भी करेंगे। इन गोदामों की कुल भंडारण क्षमता 1,400 मीट्रिक टन होगी। इसके अलावा दक्षिण 24 परगना और कूचबिहार में 73.61 लाख रुपये की लागत से निर्मित 100-100 मीट्रिक टन क्षमता वाले दो गोदामों का उद्घाटन भी किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान भारत टैक्सी और पश्चिम बंगाल सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के बीच राज्य में मोबिलिटी सेवाओं के विस्तार के लिए एक समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान भी होगा।

केंद्र सरकार का कहना है कि इन पहलों से पश्चिम बंगाल में डेयरी सहकारिता, ग्रामीण भंडारण, डिजिटल सहकारी प्रशासन और सदस्य आधारित मोबिलिटी सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही किसानों, दुग्ध उत्पादकों और ग्रामीण सहकारी संस्थाओं के लिए आर्थिक अवसरों का विस्तार होगा और राज्य में श्वेत क्रांति का नया अध्याय शुरू होगा।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर