home page

(लीड) यमुनोत्री से लेकर संगम तक यमुना को स्वच्छ करने का सौभाग्य हमारी सरकार को मिलने वाला है : अमित शाह

 | 
(लीड) यमुनोत्री से लेकर संगम तक यमुना को स्वच्छ करने का सौभाग्य हमारी सरकार को मिलने वाला है : अमित शाह


-अमित शाह ने दिल्ली में यमुना पुनरुद्धार से जुड़ी 8,941 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली में यमुना पुनरुद्धार से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यमुनोत्री से लेकर संगम तक पूरी यमुना को स्वच्छ करने का सौभाग्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार को मिलने वाला है।

अमित शाह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज यहां यमुना शुद्धिकरण के लिए लगभग 9 हज़ार करोड़ रूपये की महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली में हमारी पार्टी की सरकार बनते ही एक बड़ी बैठक बुलाकर यमुना को शुद्ध करने की अपनी संकल्पना दिल्ली सरकार और देश के गृह मंत्रालय के सामने रखी थी। इतने कम समय में हमने 40 प्रतिशत से अधिक सफलता प्राप्त कर ली है।

इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली सरकार के मंत्री मौजूद रहे।

अमित शाह ने कहा कि 30 साल से पिछली सरकारों ने दिल्ली के गटर के पानी को यमुना में छोड़ने और हर रोज़ डेयरियों का 2000 टन गोबर यमुना में डालने का काम किया। एक जमाने में उत्तर प्रदेश और हरियाणा में मुख्य विपक्षी दल के सहयोगी दलों की सरकारें थी और हरियाणा के औद्योगिक कचरे वाला पानी और उत्तर प्रदेश से भी गंदा पानी यमुना में आता था। उन्होंने कहा कि आज केंद्र, दिल्ली, हरियाणा औऱ उत्तर प्रदेश में हमारी ही पार्टी की सरकारें हैं। इन चारों राज्यों की हमारी सरकारों ने मिलकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली के लिए समयबद्ध रोडमैप बनाए हैं जिसके माध्यम से हम 2029 तक यमुना को निर्मल बना देंगे। उन्होंने कहा कि हम एक ऐसी दिल्ली बनाना चाहते हैं, जहां घर सुदंर हों, पानी शुद्ध हो, गलियां साफ हों, कूड़े के पहाड़ न हों और यमुना निर्मल होकर यहां से संगम तक की जनता को अपना आशीर्वाद दे सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस काम को एक अडिग संकल्प के रूप में लिया है और आज इस संकल्प के एक बहुत बड़े भाग की पूर्ति हो रही है।

उन्होंने कहा कि आज यहां 10 योजनाओं का लोकार्पण हुआ और 33 योजनाओं की शुरुआत हुई है। 8,941 करोड़ की कुल लागत से शुरू हुई योजनाओं के माध्यम से कई लाख लीटर पानी शुद्ध होकर यमुना में जाएगा। दिल्ली के कई इलाकों से जुड़ी परियोजनाओं का आज यहां लोकार्पण हुआ है और एसटीपी के उन्नयन और नए एसटीपी लगाने का काम का भूमिपूजन भी हुआ है। आज यहां विकेंद्रीकृत एसटीपी पंपिंग स्टेशन भी बना है और सीवर लाइनों को घरों से जोड़ने का काम भी शुरू हुआ है। हम सीवर रिहैबिलिटेशन, टैपिंग और जल निकासी को आगे बढ़ा रहे हैं।

अमित शाह ने कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियां सिर्फ बहाने की राजनीति करती हैं। दिल्ली की पिछली सरकारें बहाने बनाती थीं कि उन्हें मदद नहीं मिली। उन्होंने कहा कि हमारे पास उनकी हर बात का जवाब है लेकिन ये जवाब उन्हें पंजाब में उनकी सरकार जाने के बाद मिलेगा। दिल्ली की पिछली सरकार ने आंदोलन के नाम पर सत्ता हथियाकर भ्रष्टाचार करने के सिवा कुछ नहीं किया। उन्होंने कूड़े के पहाड़ों के नाम पर राजनीति की लेकिन हमारी सरकार ने कूड़े के पहाड़ों को नीचे लाने का काम किया है। दो साल बाद इन कूड़े के पहाड़ों की जगह बगीचा बन जाएगा।

गृहमंत्री ने कहा कि दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने मोदी सरकार की सहायता से 2.17 करोड़ मीट्रिक टन कचरा साफ कर दिया है और 100 एकड़ भूमि को कचरे के से मुक्त कराया है। ओखला और भलस्वां में कूड़े का पहाड़ 30 से 40 मीटर नीचे आ गया है, गाजीपुर का कूड़े का पहाड़ 10 से 15 मीटर नीचे आया है। पिछली सरकार ने यमुना के शुद्धिकरण के लिए कुछ काम नहीं किए। हमारी सरकार ने आज सराय काले खां और आईटीओ पर असिता ईस्ट, बांसेरा, वासुदेव घाट जैसे विश्वस्तरीय काम किए हैं। हमने तीन साल का एक एक्शन प्लान बनाया है कि दिल्ली के हर घर को हम सीवरेज कनेक्शन देंगे और हर घर में शुद्ध पीने का पानी पहुंचाने का काम भी करेंगे।

विपक्ष के आंदोलन को लेकर अमित शाह ने कहा कांग्रेस नेता राहुल गांधी वोट चोरी का बहाना बनाकर असल में घुसपैठियों के वोटों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गुजरात में 41 साल से और दिल्ली में 18 साल से चुनाव नहीं जीती है। तीस साल तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार रहेगी। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि हर छह महीने में मुझे विदेश नहीं जाना पड़ता है। कांग्रेस की सरकार कभी नहीं बनेगी। यमुना की सफाई के लिए आप ने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि धरना प्रदर्शन से कुछ नहीं होता है, जनता का दुख-दर्द दूर करने और काम करने से सत्ता मिलती है।

अमित शाह ने कहा कि आआपा सरकार के दौर में पंजाब में नशीले पदार्थों का कारोबार बढ़ा है। जनता ने राजग की सरकार लाने का फैसला कर लिया है। केजरीवाल, बहाने काम नहीं आएंगे, नतीजे चाहिए। दिल्ली हारने के बाद आपने अपना ध्यान पंजाब की ओर लगा दिया है, जिससे वहां मुख्यमंत्री के काम में बाधा आ रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव में पंजाब में आआपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा। हम 2029 तक पंजाब से नशीले पदार्थों के कारोबार को खत्म कर देंगे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव