home page

अमित शाह 20 अक्टूबर को पंजाब में नशा पीड़ितों के परिजनों से मिलेंगे

 | 

बीस अक्टूबर को मानसा, गुरदासपुर व संगरूर में जाएंगे गृहमंत्री

चंडीगढ़, 18 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 अक्टूबर को पंजाब के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा के परिजनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह गुरदासपुर में विक्रमजीत सिंह और संगरूर में गुलजार सिंह के परिजनों से भी मिलेंगे। रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने यह जानकारी दी।

बिट्टू के अनुसार, अमित शाह पूरे दिन पंजाब में रहेंगे और नशे के कारण प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। करीब एक महीने के भीतर यह दूसरा मौका होगा, जब गृह मंत्री पंजाब आएंगे। भाजपा इस दौरे को राज्य में नशे की समस्या के खिलाफ अपने अभियान से जोड़कर देख रही है।

मानसा में मेडिकल स्टोर संचालक ने 13 अक्टूबर को नश का विरोध करने पर झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके ठीक दो दिन बाद 15 अक्टूबर की रात को श्री हरगोबिंदपुर साहिब क्षेत्र के माड़ी पन्नवां गांव में ड्रग्स बेचने का विरोध करने पर विक्रमजीत सिंह की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गुलजार सिंह ने 8 सितंबर को कीटनाशक का सेवन करके आत्महत्या कर ली थी। उसने मरने से पहले कहा था मैंने मंत्री हरपाल सिंह चीम को गांव में चिट्टा बिकने की शिकायत की थी, जिसके बाद उसे धमकाया गया।

पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए तीन माह का समय बचा है। भाजपा पंजाब में नशों को मुद्दा बनाकर ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ निकाल चुकी है। गृहमंत्री अमित शाह 30 सितंबर को इस यात्रा के समापन अवसर पर जालंधर आए थे। अमित शाह ने ऐलान किया हुआ है कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने के बाद 31 दिसंबर 2029 तक नशामुक्त कर दिया जाएगा। अब अमित शाह का पंजाब दौरा नशे के मुद्दे पर कई मायने रखता है। हालही में झोटा की मौत पर गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा था कि मैं आज पंजाब की जनता के सामने अपना संकल्प दोहराता हूं कि पंजाब में हमारी सरकार बनने पर हम नशामुक्त, गैंगस्टरमुक्त और सुरक्षित पंजाब बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है - नशे के कारोबार पर प्रहार, युवाओं के भविष्य की रक्षा, अपराधियों पर कठोर कार्रवाई और कानून का ऐसा राज, जिसमें कोई भी नागरिक भय के साये में जीने को मजबूर न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा