home page

अमरनाथ तीर्थयात्रा के 20वें जत्थे में शामिल 3,823 लोग जम्मू से बालटाल के लिए रवाना

 | 

जम्मू, 27 जुलाई (हि.स.)। अमरनाथ यात्रा के 20वें जत्थे में 3,823 तीर्थयात्री जम्मू के भगवती आधार शिविर से सोमवार को बालटाल के लिए रवाना हुए।

अधिकारियों के अनुसार 20वां जत्था सुबह 2:47 बजे 140 गाड़ियों के काफिले में रवाना हुआ जिनमें में 82 बसें, 20 माध्यम वाहन और 38 लाइट मोटर वाहन शामिल थे। इस जत्थे में 2,882 पुरुष तीर्थयात्री, 838 महिला तीर्थयात्री, दो बच्चे, 84 साधु और 17 साध्वियां शामिल हैं।

यह काफिला जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाइवे से गुज़रा। ट्रैफिक अधिकारियों ने हाइवे के संवेदनशील हिस्सों से काफिले की आवाजाही में मदद की ताकि तीर्थयात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके।

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार के जत्थे के रवाना होने के साथ ही जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से सालाना यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या 1,27,326 हो गई है। हिमालय में 3,880 मीटर ऊंचे पवित्र गुफा मंदिर की सालाना यात्रा कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच चल रही है। इस बीच सोमवार को बालटाल बेस कैंप से कुल 4,331 तीर्थयात्री जम्मू लौटे ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह