अमरनाथ यात्रा: 19वें जत्थे में 4,474 तीर्थयात्री जम्मू से बालटाल के लिए रवाना
जम्मू, 26 जुलाई (हि.स.)। श्री अमरनाथ यात्रा के लिए 4,474 तीर्थयात्रियों का 19वां जत्था कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से कश्मीर में बालटाल बेस कैंप के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों के अनुसार जत्था सुबह 2:42 बजे 166 वाहनों में रवाना हुआ जिनमें 93 बसें, 26 मिनी-बसें और 47 हल्के मोटर वाहन शामिल थे। पहलगाम रूट के लिए कोई जत्था नहीं भेजा गया।
इस जत्थे में 3,531 पुरुष, 785 महिलाएं, 96 साधु, 51 साध्वियां, 10 बच्चे और एक ट्रांसजेंडर तीर्थयात्री शामिल है। लगातार बारिश के कारण एनएच-44 पर कई संवेदनशील जगहों पर भू-स्खलन, कीचड़ खिसकने और पत्थर गिरने की घटनाओं के बाद यात्रा छह दिनों तक रुकी रही। और जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग भी तीन दिन बंद रहा। शुक्रवार को सड़क को यातायात के लिए फिर से खोल दिया गया जिससे शनिवार को यात्रा फिर से शुरू करने का रास्ता साफ हो गया।
बालटाल बेस कैंप तक तीर्थयात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इस काफिले को ले जाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

