home page

अखिल भारतीय संत समिति ने पप्पु यादव के साधु वेश में प्रदर्शन पर जताई आपत्ती

 | 
अखिल भारतीय संत समिति ने पप्पु यादव के साधु वेश में प्रदर्शन पर जताई आपत्ती


नई दिल्ली, 31 जुलाई (हि.स.)। संसद परिसर में शुक्रवार को निर्दलीय सांसद पप्पु यादव की ओर से भगवा वस्त्र धारण कर प्रदर्शन किए जाने पर अखिल भारतीय संत समिति ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

समिति के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जीतेन्द्रानंद सरस्वती ने इस कृत्य को सनातन धर्म और साधु-संतों की तपस्या का अपमान करार दिया। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से पप्पु यादव की संसद सदस्यता तुरंत निरस्त करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि संसद परिसर जैसे पवित्र स्थान का उपयोग सनातन विरोधी और बहुसंख्यक समाज की भावनाओं को आहत करने के लिए किया गया। पप्पू यादव को देश के समस्त हिंदुओं से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए अन्यथा उन्हें संसद से बर्खास्त किया जाए।

महामंत्री सरस्वती ने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम को कांग्रेस, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी का समर्थन प्राप्त है। आज संसद परिसर का दुरुपयोग जिस प्रकार कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और उनके प्रिय सांसद पप्पु यादव के द्वारा भगवा वस्त्रों में सनातन के अपमान के लिए किया गया। यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहां तक राम मंदिर का प्रश्न है, अयोध्या के साधु-संतों ने जवाब दे दिया है और दोषी पाए जाने वालों को एसआईटी तथा उच्चतम न्यायालय सजा तय करेंगे।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक लड़ाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से लड़ी जा सकती है लेकिन इसकी आड़ में सनातन हिंदू धर्म और उनके साधु-संतों के त्याग-तपस्या को लांछित करने का प्रयास अखिल भारतीय संत समिति कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

उनका मानना है कि संसद संविधान के अनुसार एक पवित्र परिसर है। इस पवित्र परिसर का उपयोग अगर राष्ट्र-विरोधी, सनातन-विरोधी और देश के बहुसंख्यक हिंदू समाज की भावनाओं को कुचलने के लिए, उनको अपमानित-लांछित करने के लिए पप्पु यादव जैसे नेताओं के द्वारा किया जा रहा है,

संत समिति ने चेतावनी दी कि वैश्विक स्तर पर सनातन को मिटाने के प्रयासों के खिलाफ साधु-संत एकजुट हैं और देश के स्वाभिमान व आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को करारा जवाब दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि संसद में मानसून सत्र के 12वें दिन शुक्रवार को विपक्षी दलों के सांसदों ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की रकम में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसद पप्पु यादव अनोखे अंदाज में पुजारी बनकर बैठ गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी