home page

अक्षय कुमार ने उदयपुर में जनजाति बालिकाओं की शिक्षा के लिए दिए एक करोड़

 | 
अक्षय कुमार ने उदयपुर में जनजाति बालिकाओं की शिक्षा के लिए दिए एक करोड़


- उदयपुर में 'श्रीमती अरुणा भाटिया जनजाति कन्या छात्रावास' का हुआ भूमिपूजन

उदयपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने जनजाति समाज की बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षित आवास के लिए एक करोड़ रुपये का सहयोग प्रदान कर सामाजिक सरोकार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। उनके सहयोग से उदयपुर में बनने वाले श्रीमती अरुणा भाटिया जनजाति कन्या छात्रावास भवन का गुरुवार को विधिवत भूमिपूजन सम्पन्न हुआ। छात्रावास का नाम अभिनेता अक्षय कुमार की माताजी स्वर्गीय श्रीमती अरुणा भाटिया की स्मृति में रखा गया है।

राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद्, उदयपुर द्वारा हिरण मगरी सेक्टर-11 स्थित परिसर में आयोजित भूमिपूजन समारोह प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. थावरचंद डामोर, प्रांतीय महामंत्री वीरेन्द्र प्रकाश पंचोली, संगठन मंत्री जगदीश कुलमी, प्रांतीय निर्माण कार्य प्रभारी जगदीश प्रसाद जोशी, संरक्षक गोपाललाल कुमावत एवं कोषाध्यक्ष रमेशचंद्र मूंदड़ा के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. थावरचंद डामोर ने कहा कि वनवासी कल्याण आश्रम एवं राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद् जनजाति समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। जनजाति बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवास और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण के लिए अभिनेता अक्षय कुमार ने एक करोड़ रुपये की सहयोग राशि प्रदान की है। उनके इस प्रेरणादायी योगदान के सम्मान स्वरूप छात्रावास का नाम उनकी माताजी श्रीमती अरुणा भाटिया के नाम पर रखा गया है।

डॉ. डामोर ने यह भी बताया कि अक्षय कुमार इससे पूर्व भी जनजाति समाज की शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सहयोग कर चुके हैं। उन्होंने खेरवाड़ा में अपने पिताजी स्वर्गीय हरिओम भाटिया के नाम से एक छात्रावास के निर्माण में भी सहयोग दिया था। जनजाति क्षेत्र में शिक्षा के प्रति उनका यह सतत योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक है।

प्रदेश संगठन मंत्री जगदीश कुलमी ने कहा कि छात्रावास का निर्माण जनजाति समाज की बालिकाओं को सुरक्षित एवं संस्कारयुक्त आवास उपलब्ध कराने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह छात्रावास छात्राओं के शैक्षणिक विकास के साथ उनके सांस्कृतिक, बौद्धिक और व्यक्तित्व विकास का भी सशक्त केंद्र बनेगा।

भूमिपूजन समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता, दानदाता, परिषद् के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उपस्थित जनों ने अभिनेता अक्षय कुमार द्वारा शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में दिए गए सहयोग की सराहना करते हुए इसे जनजाति बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता