एयर मार्शल तरुण चौधरी ने राज्यपाल अता हसनैन से की मुलाकात, बिहटा हवाई अड्डे के संयुक्त उपयोग पर चर्चा
पटना, 18 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल तरुण चौधरी ने शुक्रवार को राजभवन में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान नागरिक-सैन्य सहयोग को मजबूत करने, भारतीय वायु सेना और बिहार सरकार के बीच समन्वय को और प्रभावी बनाने तथा बिहटा हवाई अड्डे के भविष्य में संयुक्त उपयोग समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
एयर मार्शल चौधरी ने राज्य प्रशासन के साथ पारस्परिक महत्व के विभिन्न विषयों पर हुई प्रगति से राज्यपाल को अवगत कराया। बैठक में आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और राहत कार्यों के लिए तैयारियों को मजबूत करने के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा एवं जनकल्याण से जुड़े साझा उद्देश्यों को आगे बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बिहटा हवाई अड्डे के भविष्य में संयुक्त उपयोग को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच चर्चा हुई। इसके अलावा आपदा-प्रतिक्रिया तंत्र को और प्रभावी बनाने तथा जरूरत के समय सैन्य एवं नागरिक संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के मुद्दे पर विचार किया गया।
एयर मार्शल तरुण चौधरी ने राज्यपाल को वायु सेना स्टेशन, बिहटा का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया। मुलाकात के अंत में दोनों पक्षों ने भारतीय वायु सेना और बिहार सरकार के बीच मौजूदा समन्वय को बनाए रखने तथा संस्थागत सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।----------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

