home page

उड़ान भरने से ठीक पहले एयर इंडिया के विमान में हाईजैक अलर्ट, कोलकाता-मुंबई फ्लाइट में हड़कंप

 | 
उड़ान भरने से ठीक पहले एयर इंडिया के विमान में हाईजैक अलर्ट, कोलकाता-मुंबई फ्लाइट में हड़कंप


कोलकाता, 11 नवंबर (हि.स.)। कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब उड़ान भरने से ठीक पहले एयर इंडिया के एक विमान से हाईजैक (विमान अपहरण) का अलर्ट जारी किया गया। यह घटना कोलकाता से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 772 में बुधवार सुबह हुई।

सूत्रों के अनुसार, विमान के उड़ान भरने से ठीक पहले पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को हाईजैक का संदेश भेजा। यह अलर्ट मिलते ही हवाई अड्डा प्राधिकरण और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विमान को फौरन आइसोलेशन बे (सुरक्षित क्षेत्र) में ले जाया गया। सुरक्षाबलों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पूरे विमान को घेर लिया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद विमान की सघन तलाशी शुरू की गई।

फिलहाल इस बात की गहन जांच की जा रही है कि पायलट की ओर से यह हाईजैक अलर्ट क्यों भेजा गया। हवाई अड्डा प्राधिकरण और संबंधित अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या यह अलर्ट किसी तकनीकी खराबी का नतीजा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। इस घटना के कारण कोलकाता हवाई अड्डे पर यात्रियों के बीच काफी देर तक अफरातफरी और दहशत का माहौल रहा।

इससे पहले अक्टूबर में भी कोलकाता हवाई अड्डे पर लगातार दो दिनों तक बम की अफवाह से दहशत फैली थी। तब विमान के शौचालय से धमकी भरी चिट्ठी मिली थी, जिसमें बम रखे होने की बात कही गई थी। पिछले महीने सितंबर में दुबई से इजराइल जा रहे फ्लाईदुबई के एक विमान को सह-पायलट द्वारा ही अगवा करने की कोशिश का मामला सामने आया था। भारतीय पायलट स्मित मच्छड़ पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया था। कॉकपिट में दोनों के बीच हुए संघर्ष के बाद यात्रियों की मदद से सह-पायलट को काबू में किया गया था।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर