(लीड) दिल्ली में एआई समिट के दौरान सुरक्षा घेरा तोड़ने की थी साजिश
नई दिल्ली, 24 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली के भारत मंडपम में 16-21 फरवरी तक आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भंग करने की कथित साजिश का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य अतिथियों, प्रतिनिधियों और आगंतुकों के बीच कुछ आक्रामक तत्वों ने पूर्वनियोजित तरीके से सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें काबू किया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं।
दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (क्राइम) देवेश श्रीस्तााव ने मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य अतिथियों, प्रतिनिधियों और आगंतुकों के बीच कुछ आक्रामक तत्वों ने पूर्वनियोजित तरीके से सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें काबू किया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी को चोटें भी आईं। मामले में थाना तिलक मार्ग में एफआईआर संख्या 19/2026 भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं 61(2), 121(1), 132, 190, 195(1), 221, 223(A), 196, 197 और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में कई लोगों की संलिप्तता सामने आई। कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर कुछ संदिग्धों की पहचान की गई। जांच एजेंसियों को ऐसे अन्य व्यक्तियों की भी जानकारी मिली है, जिन्होंने कथित तौर पर इन आक्रामक तत्वों को लॉजिस्टिक और अन्य प्रकार की सहायता प्रदान की।
पुलिस के अनुसार अब तक कुल आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार व्यक्तियों में भारतीय युवा कांग्रेस के पदाधिकारी भी शामिल हैं। सभी आरोपितों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई है। इसी क्रम में युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को भी मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 191(1) और 192 भी जोड़ी हैं।
पुलिस का दावा है कि अब तक की जांच में यह मामला गहन षड्यंत्र के तहत अंजाम दिया गया प्रतीत होता है, जिसके पुख्ता साक्ष्य जुटाए गए हैं। स्पेशल सीपी के मुताबिक, मामले की बहु-राज्यीय पृष्ठभूमि, आरोपितों के बीच संभावित वित्तीय एवं लॉजिस्टिक नेटवर्क और व्यापक साजिश के पहलुओं को देखते हुए आगे की जांच अब दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल को सौंप दी गई है। पुलिस अन्य चिन्हित आरोपितों और संदिग्धों की तलाश में दिल्ली समेत अन्य राज्यों में छापेमारी कर रही है। पुलिस ने कहा है कि पूरे प्रकरण की गहन और विस्तारपूर्वक जांच जारी है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

