सांसद प्रिया सराेज की एआई से बनी फाेटाे वायरल करने के मामले में भाजपा नेता समेत दो के खिलाफ केस दर्ज
जौनपुर, 14 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में मछलीशहर लोकसभा सीट से सांसद प्रिया सरोज की फर्जी और मॉर्फ्ड तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने केमामले में पुलिस ने भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी सहित दाे लाेगाें के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में गुरुवार काे एफआईआर दर्ज की है। इन तस्वीरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग करके बनाना बताया गया है।
साइबर क्राइम थाने में सांसद प्रिया सरोज ने अपनी शिकायत में बताया है कि भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी अमोद सिंह और विशाल सिंह ने फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट्स से उनकी एडिटेड व फर्जी तस्वीरें तथा भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही थी। इन पोस्टों के माध्यम से उनकी राजनीतिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की सुनियोजित कोशिश की गई। सांसद ने अपने शिकायती पत्र में कहा है कि यह केवल व्यक्तिगत हमला नहीं, बल्कि एक निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि की गरिमा को ठेस पहुंचाने और जनता के बीच उनकी छवि खराब करने की साजिश है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ जिन सोशल मीडिया अकाउंट्स और लिंक्स का उल्लेख किया गया है, उनके स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम थाना जौनपुर ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आईटी एक्ट की धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया है। साइबर सेल अब संबंधित अकाउंट्स की तकनीकी जांच कर पोस्ट अपलोड करने वालों की पहचान करने में जुट गई है। सांसद प्रिया सरोज ने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल अभिव्यक्ति के लिए होना चाहिए, न कि किसी की प्रतिष्ठा खराब करने के लिए। उन्होंने एआई तकनीक का दुरुपयोग कर फर्जी तस्वीरें बनाने और उन्हें वायरल करने को गंभीर अपराध बताया। सांसद ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न कर सके।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुश श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच पड़ताल की जा रही है और मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

