मोहन भागवत पहुंचे अगरतला, मंगलवार को मां चिन्मयी सौंदर्य मंदिर'- प्राणप्रतिष्ठा समारोह में लेंगे हिस्सा
- दो राज्यपाल इंद्रसेन रेड्डी नल्लू एवं जिष्णु देबबर्मा और मुख्यमंत्री माणिक साहा मौजूद रहेंगे
अगरतला, 20 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत आज अगरतला पहुंचे। मंगलवार को संघ प्रमुख डॉ भागवत मोहनपुर के फकीरामुरा में 'मां चिन्मयी सौंदर्य मंदिर'- प्राणप्रतिष्ठा और कुंभ-अभिषेक समारोह में हिस्सा लेंगे। समारोह में आम लोगों और खास लोगों के अलावा त्रिपुरा और महाराष्ट्र के गवर्नर इंद्रसेन रेड्डी नल्लू और जिष्णु देबबर्मा भी हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री प्रोफेसर (डॉ) माणिक साहा भी मौजूद रहेंगे।
आरएसएस सरसंघचालक डॉ भागवत आज, सोमवार दोपहर अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम एयरपोर्ट पर पहुंचे। मोहन भागवत का स्वागत चिन्मय सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष और चिन्मय मिशन इंटरनेशनल के ट्रस्टी अमित रक्षित ने किया।
मां चिन्मयी सौंदर्य मंदिर की खासियतों के बारे में चिन्मय सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अमित रक्षित ने कहा कि यह मंदिर मां त्रिपुर सुंदरी को समर्पित है। यह एक अनोखा आर्किटेक्चरल और आध्यात्मिक स्मारक है। मंदिर में तमिलनाडु से लाए गए 27 काले पत्थर के खंभे हैं। ये खंभे हिंदू ज्योतिष के 27 सितारों के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर को भगवान से खुले जुड़ाव के प्रतीक के तौर पर बिना किसी पारंपरिक छत के बनाया गया है। इसके बीच में, मां त्रिपुर सुंदरी की 15 फुट ऊंची काले पत्थर की मूर्ति के साथ-साथ रोजाना पूजा के लिए माताबारी मंदिर के स्टाइल में बनी एक छोटी मूर्ति है।
चिन्मयी मिशन इंटरनेशनल के ट्रस्टी अमित रक्षित ने कहा कि मंदिर परिसर में देवी सौंदर्य लहरी और दूसरे भक्ति ग्रंथों की नक्काशी और लिखावट भी है। इससे मंदिर का आध्यात्मिक महत्व और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि नेपाल से चुने गए कुछ पुजारी मां चिन्मयी सौंदर्य मंदिर- प्राणप्रतिष्ठा और कुंभ-अभिषेक समारोह करेंगे।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

