home page

अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम हवाईअड्डे पर आठ बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

 | 
अगरतला के महाराजा बीर बिक्रम हवाईअड्डे पर आठ बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार


अगरतला, 29 जून (हि.स.)। त्रिपुरा पुलिस और हवाईअड्डा सुरक्षा बल ने विशेष खुफिया सूचना के आधार पर अगरतला स्थित महाराजा बीर बिक्रम हवाईअड्डे पर दो अलग-अलग अभियानों में आठ बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों द्वारा साेमवार काे दी गई जानकारी के अनुसार, दोनों अभियानों में चार-चार बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी ने त्रिपुरा सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था और गुवाहाटी जाने की योजना बना रहे थे।

गिरफ्तार आरोपितों के पास से कई मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। सभी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें आगे की पूछताछ के लिए तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अवैध रूप से भारत में प्रवेश कराने वाले दलालों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश