home page

आडवाणी के जन्मदिन पर भाजपा मुख्यालय में हवन, नितिन नवीन ने दी दीर्घायु की शुभकामनाएं

 | 
आडवाणी के जन्मदिन पर भाजपा मुख्यालय में हवन, नितिन नवीन ने दी दीर्घायु की शुभकामनाएं


नई दिल्ली, 08 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी के 99वें जन्मदिन पर रविवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में हवन का आयोजन किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता इस कार्यक्रम में शामिल हुए। हवन के माध्यम से आडवाणी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। आडवाणी आज अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं।

कार्यक्रम में सुबह 10 बजे से 10:30 बजे तक हवन हुआ। इसके बाद आडवाणी के जीवन सफर और उनके प्रमुख भाषणों पर आधारित वीडियो प्रस्तुति रखी गई। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी समारोह को संबोधित किया।

नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर आडवाणी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनसंघ से लेकर भाजपा तक संगठन के विस्तार और राष्ट्रवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को जन आंदोलन का स्वरूप देने में आडवाणी की भूमिका को भी याद किया।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आडवाणी की शुचिता और संगठन के प्रति उनकी अटूट निष्ठा पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने ईश्वर से आडवाणी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर