home page

उद्याेगपति गाैतम अडानी ने सपत्नी केदार बाबा के किए दर्शन, रोपवे परियोजना पर भी चर्चा की

 | 
उद्याेगपति गाैतम अडानी ने सपत्नी केदार बाबा के किए दर्शन, रोपवे परियोजना पर भी चर्चा की


रुद्रप्रयाग, 01 मई (हि.स.)। देश के अग्रणी उद्योगपति गौतम अडानी ने हिमालय की गोद में स्थित पवित्र केदारनाथ धाम में पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कर देश और समाज की समृद्धि की कामना की। इस आध्यात्मिक यात्रा में उनकी पत्नी प्रीति अडानी भी उनके साथ मौजूद रहीं।

शुक्रवार काे धाम पहुंचने पर बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने उनका स्वागत किया और दर्शन उपरांत भगवान केदारनाथ का प्रसाद भेंट किया। मंदिर परिसर में इस दौरान श्रद्धा और व्यवस्थाओं का संतुलित माहौल देखने को मिला। अडानी निजी हेलीकॉप्टर के माध्यम से धाम पहुंचे, जिसके मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि आम श्रद्धालुओं की यात्रा और दर्शन व्यवस्था प्रभावित न हो।

दर्शन के पश्चात गाैतम अडानी ने सोनप्रयाग-केदारनाथ रोपवे परियोजना को लेकर विशेष रुचि दिखाई और इसके एरियल सर्वे की योजना पर चर्चा की। यह महत्वाकांक्षी परियोजना अडानी ग्रुप की ओर से विकसित किया जाना प्रस्तावित है, जो केदारनाथ यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और तेज बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हाेगा।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत ने अडानी काे बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में यह रोपवे परियोजना न केवल यात्रा को सरल बनाएगी, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन को नई गति देगी। इससे स्थानीय व्यापार, रोजगार के अवसर और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर बीकेटीसी के अधिकारी, पुजारीगण और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय