अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने सेना को सौंपी स्वदेशी ‘प्रहार’ एलएमजी
नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस और इजराइल वेपन इंडस्ट्रीज ने संयुक्त रूप से विकसित ‘प्रहार’ 7.62 मिमी लाइट मशीन गन (एलएमजी) की 2,000 यूनिट भारतीय सेना को सौंप दी हैं। यह डिलीवरी 40 हजार से अधिक गनों के बड़े ऑर्डर का हिस्सा है और मेक इन इंडिया कार्यक्रम के तहत तैयार की गई है।
केंद्रीय रक्षा मंत्रालय के अनुसार शनिवार को मध्यप्रदेश के ग्वॉलियर के बाहरी इलाके में स्थित अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के स्मॉल आर्म्स कॉम्प्लेक्स में एलएमजी सौंपने के लिए एक समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान रक्षा मंत्रालय के डीजी एक्विजिशन ए अनबरासु, कंपनी के सीईओ आशीष राजवंशी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्रालय ने बताया कि पहली खेप तय समय से 11 महीने पहले, केवल 7 महीनों में पूरी कर ली गई। प्रोडक्शन का पहला मॉडल भी 6 महीने में तैयार हो गया, जबकि इसके लिए 18 महीने का लक्ष्य रखा गया था। इसके बाद बड़े पैमाने पर उत्पादन की मंजूरी मिलने के साथ सप्लाई प्रक्रिया तेज हो गई।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मध्य प्रदेश के ग्वॉलियर में स्थित अदाणी डिफेंस की स्मॉल आर्म्स फैसिलिटी देश की पहली पूरी तरह इंटीग्रेटेड निजी क्षेत्र की स्मॉल आर्म्स मैन्युफैक्चरिंग यूनिट है, जहां बैरल, बोल्ट कैरियर और रिसीवर निर्माण से लेकर एडवांस सीएनसी मशीनिंग, रोबोटिक्स, मेटलर्जी लैब और 25 मीटर की अंडरग्राउंड फायरिंग रेंज जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।
इस यूनिट की उत्पादन क्षमता हर साल करीब 1 लाख हथियार बनाने की है, जिनमें 90 प्रतिशत से अधिक हिस्से देश में ही तैयार किए जाते हैं। इससे विदेशी हथियारों पर निर्भरता कम होगी और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी। साथ ही, यह यूनिट क्षेत्र में रोजगार और एमएसएमई को भी बढ़ावा दे रही है।
इस एलएमजी निर्माण में उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित अदाणी डिफेंस के एम्युनिशन कॉम्प्लेक्स भी सहयोग कर रहा है, जिसे 2024 में शुरू किया गया था। इस कॉम्प्लेक्स में हर साल करीब 30 करोड़ छोटे कैलिबर के गोला-बारूद बनाने की क्षमता है और भविष्य में इसे बड़े व मीडियम कैलिबर एम्युनिशन के लिए भी विकसित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि ‘प्रहार’ 7.62x51 मिमी एलएमजी ओपन बोल्ट सिस्टम पर आधारित है और इसमें गैस पिस्टन व रोटेटिंग बोल्ट लॉकिंग सिस्टम दिया गया है। इसमें सेफ, सेमी-ऑटोमैटिक और ऑटोमैटिक फायरिंग मोड की सुविधा है। यह 120 राउंड के असॉल्ट ड्रम या बेल्ट फीड सिस्टम से लैस है और कठिन परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन के लिए गैस रेगुलेटर दिया गया है। इसकी प्रभावी रेंज 1,000 मीटर है। बैरल की लंबाई 508 मिमी (20 इंच) और कुल लंबाई 1,100 मिमी है, जबकि वजन करीब 8 किलोग्राम है। हथियार में एडजस्टेबल बट स्टॉक, चीक रेस्ट, मजबूत बायपॉड और बैकअप आयरन साइट्स जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

