home page

मलयालम फिल्मों के अभिनेता सलीम कुमार नहीं रहे

 | 
मलयालम फिल्मों के अभिनेता सलीम कुमार नहीं रहे


कोच्चि, 07 जून (हि.स.)। मलयालम फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता सलीम कुमार का यहां एक निजी अस्पताल में 56 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें निमोनिया के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने शनिवार रात करीब 10.43 बजे आखिरी सांस ली। उन्हें सुबह भर्ती कराया गया था।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, कुछ साल पहले लिवर प्रतिरोपण करवा चुके कुमार को अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया। कुमार ने 1990 के दशक के आखिर में सिने संसार में आने से पहले हास्य के माध्यम से पहचान हासिल की। उन्होंने 1997 में बड़े परदे में पदार्पण किया। 2000 के दशक में उनके हास्य अभिनय ने उन्हें व्यापक लोकप्रियता दिलाई।

उन्होंने मलयालम फिल्म 'अचनुरंगथा वीडू' में अपने अभिनय के लिए केरल राज्य फिल्म पुरस्कार में द्वितीय सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीता। इसके बाद उन्हें 'अदामिंते मकान अबू' (2010) में अभिनय के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और केरल राज्य फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने अभिनेता सलीम कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया। सतीशन ने शोक संदेश में कहा, ''सलीम कुमार उत्तर परवूर का गौरव थे। साधारण परिवार में जन्मे कुमार राष्ट्रीय पुरस्कार जीतकर भारतीय सिनेमा के शिखर पर पहुंचे। उन्होंने अपने अभिनय बूते ऑस्कर नामांकन तक का सफर तय किया।’’

उल्लेखनीय है कि कुमार ने लगभग तीन दशक के करियर में हास्य से लेकर गंभीर चरित्र भूमिकाएं निभाईं। परिवार में उनकी पत्नी सुनीता और दो बच्चे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद