home page

भुवनेश्वर में 29 से 31 मई तक होगी अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक

 | 
भुवनेश्वर में 29 से 31 मई तक होगी अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक


शिक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा, युवाओं की भूमिका और समसामयिक मुद्दों पर होंगे महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित

भुवनेश्वर, 26 मई (हि.स.)।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक 29 से 31 मई 2026 तक भुवनेश्वर स्थित शिक्षा ‘ओ’ अनुसंधान विश्वविद्यालय में आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में देशभर के विभिन्न राज्यों से 484 प्रतिनिधि कार्यकर्ता भाग लेंगे। इनमें अभाविप के राष्ट्रीय पदाधिकारी, विद्यार्थी नेतृत्वकर्ता, शिक्षाविद तथा संगठन के विभिन्न आयामों से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे।

उक्त जानकारी अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने भुवनेश्वर में एक संवाददाता सम्मेलन में दी।

उन्होंने बताया कि मुख्य बैठक से पूर्व 27 मई को केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक आयोजित होगी, जिसमें देशभर से 106 कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। इसके बाद 28 मई को संगठन के विभिन्न आयामों, गतिविधियों और कार्य योजनाओं को लेकर विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें वर्षभर संचालित कार्यक्रमों, संगठन विस्तार, आगामी योजनाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की जाएगी।

डॉ. सोलंकी ने बताया कि खेल, कला, सेवा, पर्यावरण, शोध, चिकित्सा, कृषि, तकनीक, जनजातीय क्षेत्र तथा अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी संपर्क जैसे विषयों पर विशेष चर्चा होगी। इन क्षेत्रों में संगठन के कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी विस्तार की दिशा भी तय की जाएगी।

बैठक की पूर्व संध्या पर “नागरिक अभिनंदन समारोह” का आयोजन भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम में अभाविप के वर्तमान एवं पूर्व कार्यकर्ताओं के अलावा शिक्षाविद, सामाजिक नेतृत्वकर्ता तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन शामिल होंगे। समारोह में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक में वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य, शिक्षा व्यवस्था, युवाओं की भूमिका, राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक और आर्थिक विषयों सहित कई समसामयिक मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श होगा। इसके साथ ही ‘अखिल भारतीय विचार बैठक 2025’ की समीक्षा तथा ‘संगठनात्मक विचार बैठक 2026’ में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन पर भी चर्चा की जाएगी।

डॉ. सोलंकी ने कहा कि छात्रसंघ चुनावों को देशभर के सभी शैक्षणिक संस्थानों में नियमित रूप से कराने की मांग पर भी विशेष चर्चा होगी। देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से आए छात्रसंघ पदाधिकारी इस विषय पर अपने विचार साझा करेंगे।

बैठक में अभाविप द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों जैसे ‘स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम अभियान’, ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’, ‘छात्रावास सर्वेक्षण अभियान’, ‘प्रो. यशवंतराव केलकर जन्मशती वर्ष’, ‘आपातकाल निषेध के 50 वर्ष’ तथा ‘श्री गुरु तेगबहादुर बलिदान दिवस के 350 वर्ष’ सहित अन्य विषयों पर भी मंथन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संगठनात्मक विकास, सदस्यता विस्तार, परिसर इकाइयों के गठन तथा विभिन्न प्रांतों में चल रहे विशेष अभियानों की समीक्षा कर आगामी वर्ष के लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे। साथ ही राष्ट्रीय अधिवेशन 2026, SEIL यात्रा, अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी संपर्क कार्यक्रम और अन्य योजनाओं पर भी चर्चा होगी।

डॉ. सोलंकी ने कहा कि यह बैठक वर्तमान समय की चुनौतियों और अवसरों के संदर्भ में विद्यार्थी परिषद की भावी दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण बैठक साबित होगी। भुवनेश्वर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक भूमि पर आयोजित यह आयोजन छात्रशक्ति को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

पत्रकार सम्मेलन में अभाविप की राष्ट्रीय मंत्री क्षमा शर्मा, राष्ट्रीय मीडिया संयोजक हर्ष अत्री, प्रदेश मंत्री दीप्तिमयी प्रतिहारी तथा महानगर मंत्री गंगाधर पाढ़ी भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो