home page

अभाविप की केंद्रीय कार्यसमिति बैठक एक-दो अगस्त को केरल में होगी

 | 
अभाविप की केंद्रीय कार्यसमिति बैठक एक-दो अगस्त को केरल में होगी


तिरुवनंतपुरम, 31 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक एक और दो अगस्त को केरल के एर्नाकुलम में आयोजित होगी। इस बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति, छात्रसंघ चुनाव, सदस्यता अभियान, संगठनात्मक विस्तार, राष्ट्रीय अभियान तथा आगामी वर्ष की कार्ययोजना सहित विभिन्न विषयों पर मंथन किया जाएगा।

अभाविप ने शुक्रवार को बताया कि बैठक में देशभर से राष्ट्रीय पदाधिकारी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री, प्रमुख कार्यकर्ता तथा विभिन्न आयामों एवं गतिविधियों के प्रमुख और संयोजक भाग लेंगे। इसमें संगठनात्मक समीक्षा के साथ समसामयिक राष्ट्रीय विषयों और आगामी वर्ष की रणनीति पर विस्तृत विचार-विमर्श होगा।

बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन, प्रांत, विभाग एवं जिला अभ्यास वर्गों की समीक्षा, राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के कार्यक्रमों का मूल्यांकन, नगर कार्यकारिणी गठन, सदस्यता अभियान-2026, विद्यालय, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय स्तर पर परिसर इकाइयों के गठन तथा छात्रसंघ चुनाव-2026 की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा युवती सम्मेलन, छात्रा कार्य, जनजातीय विद्यार्थी कार्य तथा विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा भी होगी।

विज्ञप्ति के अनुसार, अभाविप के प्रमुख राष्ट्रीय अभियानों ‘स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम’, ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’, संत शिरोमणि रविदास जी के 650वें प्राकट्य वर्ष, श्री गुरु तेगबहादुर जी के 350वें बलिदान वर्ष तथा आपातकाल विरोधी आंदोलन के 50 वर्ष से जुड़े कार्यक्रमों की आगामी कार्ययोजना भी तय की जाएगी।

इसके अतिरिक्त अखिल भारतीय छात्रावास सर्वेक्षण, 72वें राष्ट्रीय अधिवेशन, एसईआईएल@60, प्रो. यशवंतराव केलकर युवा पुरस्कार, अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी संपर्क, ओवरसीज कार्य, संगठनात्मक विस्तार और कार्यशाला संस्कृति से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने यहां पत्रकार वार्ता में कहा कि गुरु आदि शंकराचार्य की जन्मभूमि एर्नाकुलम में आयोजित केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक संगठन के आगामी कार्यों की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण बैठक होगी। उन्होंने कहा कि इसमें शिक्षा, संगठनात्मक विस्तार, सदस्यता, छात्रसंघ चुनाव, राष्ट्रीय अभियानों और आगामी कार्यक्रमों पर व्यापक मंथन कर कार्यकर्ताओं के लिए स्पष्ट कार्ययोजना निर्धारित की जाएगी। बैठक में लिए गए निर्णय अभाविप की प्रांत, नगर और परिसर इकाइयों के कार्यों को नई गति और दिशा देंगे तथा छात्रशक्ति को राष्ट्रनिर्माण में अधिक प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी