home page

नवसारी को मिली आधुनिक आधार सेवा केंद्र की सौगात, सी.आर. पाटिल ने किया उद्घाटन

 | 
नवसारी को मिली आधुनिक आधार सेवा केंद्र की सौगात, सी.आर. पाटिल ने किया उद्घाटन


नवसारी, 05 जुलाई (हि.स.)। गुजरात के नवसारी में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) द्वारा स्थापित अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र का रविवार को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने उद्घाटन किया। इस नए केंद्र के शुरू होने से नवसारी और आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को आधार कार्ड से जुड़ी सभी सेवाएं एक ही स्थान पर सरल, तेज और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध होंगी।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा कि यह नया आधार सेवा केंद्र आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। यहां नए आधार नामांकन (एनरोलमेंट), नाम, पता, मोबाइल नंबर, फोटो, फिंगरप्रिंट सहित बायोमेट्रिक एवं जनसांख्यिकीय विवरणों में संशोधन तथा अन्य आधार संबंधी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे लोगों को आधार से जुड़े कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया अभियान देश में नागरिक सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी बना रहा है। आधार सेवा केंद्र जैसी पहलें सरकार की जन-केंद्रित सोच को मजबूत करती हैं और आम लोगों तक डिजिटल सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करती हैं।

केंद्रीय मंत्री ने इस पहल के लिए आधार की पूरी टीम को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह केंद्र नवसारी के नागरिकों का समय और श्रम दोनों बचाएगा तथा उन्हें विश्वस्तरीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा यूआईडीएआई के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे