home page

बरसाना में दिखा भक्ति, प्रेम और रंग का अद्भुत संगम, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

 | 
बरसाना में दिखा भक्ति, प्रेम और रंग का अद्भुत संगम, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब


बरसाना में दिखा भक्ति, प्रेम और रंग का अद्भुत संगम, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब


बरसाना में हुरियाराें और श्रद्धालुओं पर हेलीकाॅप्टर से हुई फूलाें की हुई बारिश

मथुरा, 25 फरवरी(हि.स.)। राधारानी की नगरी बरसाना की रंगीली गली में बुधवार रंगीली होली शुरू होते ही भक्ति, प्रेम और रंगा का अद्भुत संगम दिखाई दिया। हुरियारिनों के हाथों में सजे लठ और हुरियारों की ढालों के बीच परंपरागत लठामार होली का अलौकिक दृश्य देख श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। रंगीली होली के दर्शन कर श्रद्धालु खुद को धन्य मानते नजर आए। रंगीली गली में उमड़े श्रद्धालु हाथ जोड़कर राधारानी से मनोकामना मांगते दिखे। श्रद्धालुओं पर हेलीकाॅप्टर से फूलाें की बरसा की गई।

बरसाना में बुधवार शाम होली के रसिया की जय के गगनभेदी जयकारों के बीच विश्व प्रसिद्ध लठामार होली हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हो गई। रंगीली गली में नंदगांव के हुरियारों और बरसाना की हुरियारिनों के बीच परंपरागत लठामार होली का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। ढालों पर बरसते लठ और उड़ते गुलाल के बीच होरी के रसिया गूंजते रहे और पूरा बरसाना भक्ति और उल्लास में डूबा नजर आया।

मंदिर से लेकर रंगीली गली तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। लठामार होली अपने चरम पर पहुंचते ही पूरा वातावरण होली के रसिया की जय और राधे राधे के जयघोष से गूंज उठा। ढालों पर पड़ती लाठियों और होरी की तानों ने सदियों पुरानी परंपरा को सजीव कर दिया। श्रद्धालु ऊंचे स्थानों और छतों पर खड़े होकर इस अलौकिक होली के दर्शन करते नजर आए और हर प्रहार पर जयकारों की गूंज तेज होती चली गई। रंगीली गली में गुलाल और रंगों की ऐसी बरसात हुई कि पूरा क्षेत्र राधा रानी के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालु परिक्रमा करते, नाचते गाते और एक दूसरे पर गुलाल उड़ाते दिखाई दिए। कई भक्त हाथ जोड़कर रंगीली गली की ओर निहारते रहे तो कई ने इस होली को राधा रानी का साक्षात प्रसाद मानकर अपने माथे पर गुलाल लगाया।

दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने कहा कि लठामार होली के दर्शन जीवन का सौभाग्य हैं और बरसाना आकर उनकी मनोकामना पूर्ण हुई। देर शाम तक होली का उल्लास बना रहा और परंपरागत रीति के अनुसार लठामार होली का समापन हुआ। होली के रसिया की जय के जयकारों के बीच श्रद्धालु भावविभोर होकर लौटते नजर आए। कई ताे रंगीली गली की मिट्टी को प्रसाद मानकर अपने साथ ले गया। बरसाना से लौटते समय भक्तों के चेहरों पर थकान जरूर थी, लेकिन आंखों में लठामार होली के दिव्य दर्शन की चमक साफ दिखाई दे रही थी। लठामार होली के उल्लास के बीच रंगीली गली पहुंचे नंदगांव के हुरियारों का इस बार अनोखे अंदाज में स्वागत किया गया। आसमान से बरसी गुलाब की पंखुड़ियों ने पूरे माहौल को भक्तिरस और उल्लास से सराबोर कर दिया। हेलीकॉप्टर से की गई पुष्प वर्षा को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और चारों ओर जयकारों की गूंज सुनाई देने लगी। जैसे ही नंदगांव के हुरियारे रंगीली गली पहुंचे, उसी समय आकाश से गुलाब की पंखुड़ियां बरसने लगीं। श्रद्धालुओं ने इस अद्भुत दृश्य को उत्साह के साथ देखा और पंखुड़ियों की वर्षा के बीच हुरियारे आगे बढ़ते रहे। पूरा वातावरण राधे-राधे के जयघोष और होली के रसिया से गूंज उठा। हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा ने लठामार होली के उल्लास को और भी भव्य बना दिया। श्रद्धालुओं ने इसे राधारानी की कृपा का प्रतीक मानते हुए इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

जिलाधिकारी और एसएसपी ने बरसाना में स्वयं संभाली कमान

बरसाना में विश्व प्रसिद्ध होली को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को आठ जोन बारह सेक्टर में बांटा गया है। बैरिकेडिंग और अतिरिक्त वाहन पार्किंग भी बनाई गई है। सभी क्षेत्रों में सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। पुलिस बल के साथ पाक और सादा कपड़ों में पुलिस के जवान भी तैनात किए गए हैं। पुलिस ने हुड़दंग मचाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार बुधवार सुबह से ही भारी भीड़ को देखते हुये मेला क्षेत्र में व्यवस्था को संभालते देखे गये। उन्होंने बरसाना के लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन सभागार में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम से सम्पूर्ण मेला क्षेत्र का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। एसएसपी ने बताया कि लट्ठमार होली में लगभग 20 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से, इस क्षेत्र में 180 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। साथ ही, पीएसी और एंटी रोमियो टीम भी मौके पर तैनात हैं। इस महत्वपूर्ण उत्सव में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था के तहत करीब 4500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और इस होली का आनंद बिना किसी परेशानी के लिया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार