home page

पश्चिम बंगाल में लगभग पांच लाख नए मतदाता जुड़े, कुल मतदाता संख्या छह करोड़ 82 लाख के पार

 | 
पश्चिम बंगाल में लगभग पांच लाख नए मतदाता जुड़े, कुल मतदाता संख्या छह करोड़ 82 लाख के पार


कोलकाता, 18 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की मतदाता सूची में लगभग पांच लाख नए नाम जुड़ने की जानकारी चुनाव आयोग ने दी है। आयोग के अनुसार हालिया संशोधन प्रक्रिया के बाद राज्य में कुल मतदाता संख्या अब छह करोड़ 82 लाख 51 हजार आठ हो गई है। न्यायाधिकरण में लंबित मामलों के निपटारे के बाद यह संख्या थोड़ी और बढ़ सकती है।

आयोग ने बताया कि दूसरे चरण के नामांकन की अंतिम तिथि नौ अप्रैल तक कुल छह लाख 96 हजार 824 नए मतदाताओं ने आवेदन कर सूची में नाम दर्ज कराया। इनमें पहले चरण में तीन लाख 22 हजार 17 और दूसरे चरण में तीन लाख 87 हजार 747 नए मतदाता जुड़े।

इससे पहले 28 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची जारी की गई थी, जिसमें एक लाख 88 हजार 207 नए नाम शामिल किए गए थे। यानी पिछले लगभग एक महीने में करीब पांच लाख अतिरिक्त नाम सूची में जोड़े गए हैं।

सबसे अधिक नए मतदाता उत्तर 24 परगना, हावड़ा, हुगली, कोलकाता और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में जुड़े हैं। उत्तर 24 परगना में 71 हजार से अधिक नए नाम दर्ज हुए, जबकि कोलकाता में लगभग 44 हजार मतदाता सूची में शामिल किए गए।

आयोग के अनुसार, इनमें अधिकांश नए मतदाता हैं, जबकि कुछ वे लोग भी हैं जिनके नाम प्रारूप और अंतिम सूची के बीच हट गए थे और बाद में दोबारा आवेदन किया गया।

हाल में प्रपत्र-6 को लेकर राजनीतिक विवाद भी सामने आया था। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी बड़ी संख्या में प्रपत्र-6 जमा करा रही है। इस मुद्दे पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने 30 मार्च को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में शिकायत भी दर्ज कराई थी। आयोग ने कहा था कि नियमों के तहत कोई भी मतदाता कई लोगों के नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकता है और प्रत्येक आवेदन की जांच के बाद ही निर्णय लिया जाता है।

विशेष गहन पुनरीक्षण से पहले राज्य में कुल मतदाता 7 करोड़ 66 लाख थे। बाद में प्रारूप सूची से 58 लाख नाम हटाए गए और संख्या घटकर 7 करोड़ 8 लाख रह गई। अब कुल मतदाता संख्या 6 करोड़ 82 लाख 51 हजार है। यानी पुनरीक्षण के बाद अब तक राज्य में कुल 83 लाख 86 हजार 521 मतदाता कम हुए हैं।

आंकड़ों के अनुसार, पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक घटी है। प्रारूप सूची जारी होने के बाद महिला मतदाता 3.8 प्रतिशत कम हुईं, जबकि पुरुष मतदाताओं में 3.5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

वर्तमान में राज्य में पुरुष मतदाता 3 करोड़ 49 लाख 35 हजार हैं, जबकि महिला मतदाता 3 करोड़ 33 लाख 14 हजार हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि न्यायाधिकरण से अतिरिक्त नाम नहीं जुड़ते हैं तो इन्हीं मतदाताओं के आधार पर विधानसभा चुनाव कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर