home page

एक दिन में 51.5 लाख एलपीजी सिलेंडर किए गए डिलीवर: सरकार

 | 
एक दिन में 51.5 लाख एलपीजी सिलेंडर किए गए डिलीवर: सरकार


- पश्चिम एशिया संकट के बीच 8.7 लाख भारतीय स्वदेश लौटे : सरकार

नई दिल्ली, 11 अप्रैल (हि.स)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच सरकार ने शनिवार को कहा कि भारत की ईंधन आपूर्ति और समुद्री परिचालन समान्य है। केंद्र सरकार ने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। सरकार ने कहा कि कल 51.5 लाख से अधिक सिलेंडर वितरित किए गए हैं और 8.7 लाख भारतीय स्वदेश लौटे हैं।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने जारी एक बयान में बताया, घरेलू रसोई गैस यानी एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी सामान्य बनी हुई है, जबकि 10 अप्रैल को ही 51.5 लाख से ज्यादा घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी की गई, जबकि होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास के घटनाक्रमों के कारण सप्लाई चेन पर दबाव बना हुआ है। मंत्रालय ने कहा कि सरकार ने बिना किसी रुकावट के सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं, जिसमें घरेलू एलपीजी और पीएनजी की सप्लाई को प्राथमिकता दी गई है, इसके साथ ही अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को भी उच्च प्राथमिकता दी है।

मंत्रालय ने यह भी कहा कि एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप्स पर स्टॉक खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है, जिससे पता चलता है कि पूरे देश में सप्लाई स्थिर है। मंत्रालय ने कहा कि पूरे उद्योग में ऑनलाइन एलपीजी की बुकिंग बढ़कर लगभग 98 फीसदी हो गई है, जबकि गैस के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) पर आधारित डिलीवरी बढ़कर लगभग 93 फीसदी हो गई है।

पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा, नागरिकों को पीएनजी और इलेक्ट्रिक या इंडक्शन कुकटॉप जैसे वैकल्पिक ईंधनों का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। मंत्रालय ने बताया कि अब तक 26,000 से ज्यादा पीएनजी उपभोक्ताओं ने https://mypngd.in/ के जरिए अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर दिए हैं। देश के सभी रिफाइनरियां पर्याप्त कच्चे तेल के भंडार के साथ उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं, जबकि पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जा रहा है। घरेलू खपत को पूरा करने के लिए रिफाइनरियों से एलपीजी का घरेलू उत्पादन बढ़ाया गया है।

मंत्रालय ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (ओएमसी) ने पिछले 8 दिनों में 5 किलो एफटीएल सिलेंडरों के लिए लगभग 2,900 जागरूकता शिविर आयोजित किए हैं। भारतीय ध्वज वाला एलपीजी पोत जग विक्रम लगभग 20,400 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पार कर गया। खाड़ी क्षेत्र से 2,009 से अधिक भारतीय नाविक सुरक्षित रूप से स्वदेश लौट आए हैं।

पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटों में 81 नाविक वापस लौटे हैं। भारतीय दूतावास और पोस्ट भारतीय नागरिकों के लिए चौबीसों घंटे हेल्पलाइन और सक्रिय सहायता प्रदान कर रहे हैं। इसके अलावा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 और एलपीजी नियंत्रण आदेश, 2000 के तहत राज्य सरकारों को पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति की निगरानी करने और जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई करने का अधिकार दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर