home page

कोलकाता में सामूहिक गीता पाठ की तैयारियां पूरी, पांच लाख लोग एक साथ करेंगे पाठ

 | 
कोलकाता में सामूहिक गीता पाठ की तैयारियां पूरी, पांच लाख लोग एक साथ करेंगे पाठ


कोलकाता, 05 दिसंबर (हि.स.)। महानगर कोलकाता में 7 दिसंबर को होने वाले ऐतिहासिक सामूहिक गीता पाठ के लिए तैयार है। ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आगामी रविवार को होने वाले वृहद आयोजन में पांच लाख लोग सामूहिक रूप से गीता का पाठ करेंगे।

कार्यक्रम से पहले शुक्रवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजकों की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजित किया गया। इसमें गीता पाठ कार्यक्रम के अध्यक्ष और सनातन संस्कृति संसद के सभापति स्वामी प्रदीप्तानंद उर्फ कार्तिक महाराज ने उम्मीद जताई कि इस कार्यक्रम में पांच लाख से अधिक लोग आएंगे। मीडिया को संबोधित करते हुए स्वामी निर्गुणानंद महाराज ने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित देश भर के प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया गया है।

इसके पहले सोमवार को शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई और भूमि पूजन सम्पन्न हुआ। यह तैयारी पिछले कई दिनों से लगातार जारी है।

आयोजकों के अनुसार यह भारत में गीता पाठ का सबसे बड़ा आयोजन माना जा रहा है। इससे पहले नवद्वीप, कोलकाता और सिलिगुड़ी में सफल गीता यज्ञ का आयोजन हो चुका है। इस बार असम, त्रिपुरा, दिल्ली, बिहार और ओडिशा सहित कई राज्यों से लोगों के आने की उम्मीद है। नेपाल और बांग्लादेश से भी संत और गीता प्रेमियों को आमंत्रण भेजा गया है।

कार्तिक महाराज ने बताया कि इस कार्यक्रम का किसी भी प्रकार की राजनीति से कोई संबंध नहीं है। उद्देश्य केवल आम लोगों तक सनातन की मूल भावना और गीता के संदेश को पहुंचाना है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का पंजीकरण आवश्यक नहीं है। हर इच्छुक व्यक्ति आ सकता है। कुल 25 गेट बनाए जा रहे हैं और पूरा परिसर अर्ध चंद्राकार संरचना में तैयार किया जा रहा है। सभी प्रतिभागियों को गीता की प्रति नि:शुल्क दी जाएगी।

पार्थ सारथी, चैतन्य और शंकराचार्य तीन मंच बनाए गए हैं जिन पर क्रमशः प्रथम, नवम और 18वें अध्याय का पाठ होगा। सुबह 8 बजे वैदिक पाठ का संचालन रविंद्रनाथ भट्टाचार्य करेंगे जो कलकत्ता विश्वविद्यालय के डीन रहे हैं। 9.30 बजे से प्रवचन शुरू होंगे और 11.30 बजे तक जारी रहेंगे। शंख ध्वनि और उल्लू ध्वनि के साथ पूरे परिसर का माहौल आध्यात्मिक बनाया जाएगा। 12.30 बजे तक सामूहिक गीता पाठ पूरा होगा और अंत में गीता पाठ के उद्देश्य का संकल्प पाठ कराया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानन्द जी महाराज करेंगे। मुख्य अतिथि पद्मभूषण साध्वी ऋतंभरा होंगी। धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री, जितेन्द्रानन्द और गोरखपुर के गीताप्रेमी संत भी मंच पर उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों तथा विशेष रूप से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी आमंत्रित किया है। -------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर