सूरत में 'मेगा वृक्षारोपण अभियान' के तहत 25 हजार पौधाें का हाेगा रोपण, सीआर पाटिल ने किया शुभारंभ
सूरत, 28 जून (हि.स.)। गुजरात के सूरत में 'मेगा वृक्षारोपण अभियान' के तहत रविवार काे केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने 25 हजार पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया।
इस मेगा वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत सूरत महानगर पालिका के साउथ-ए जोन स्थित टी.पी.एस. नं. 54 (भेस्तान), एफ.पी. नं. 67 में विकसित किए जा रहे 'डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑक्सीजन पार्क' में केंद्रीय मंत्री पाटिल ने वृक्षारोपण कर अभियान की स्मृति पट्टिका का भी अनावरण किया।
सुबह 8 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में नीम, पीपल, बोरसली, शहतूत, अमरूद, आंवला, सीताफल, सहजन सहित 40 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के 25,000 पौधों का रोपण किया गया। साथ ही नागरिकों को 5,000 विभिन्न प्रजातियों के पौधों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी नागरिकों को वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इस अभियान में नेचर क्लब सूरत, ग्रीन आर्मी चैरिटेबल ट्रस्ट, सूरत वन फाउंडेशन सहित कई स्वयंसेवी संस्थाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों और पुलिसकर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सूरत की महापौर मायाबेन मावाणी ने की। इस अवसर पर सूरत शहर भाजपा प्रमुख परेश पटेल, विधायक संगीता बहन पाटिल, मनुभाई पटेल, प्रवीणभाई घोघारी, स्थायी समिति अध्यक्ष राजनभाई पटेल, उप महापौर सुधाकर चौधरी, सत्तापक्ष नेता अल्पाबेन मेहता, दंडक उर्मिलाबेन त्रिपाठी, नगरसेवक तथा मनपा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

