उधमपुर जिले में एक यात्री बस पहाड़ी से लुढ़की, 15 लोगों की मौत व 20 घायल
जम्मू, 20 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को एक यात्री बस के पहाड़ी से लुढ़क जाने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। घटनास्थल पर बचाव व राहत कार्य चल रहा है। केंद्रीय मंत्री जितेंन्द्र सिंह ने जिला उपायुक्त से बात कर गंभीर
घायलाें काे एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। एलजी मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने शाेक जताया है।
उन्होंने बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त बस आज सुबह एक दूरस्थ गांव से उधमपुर जा रही थी। सुबह करीब 10 बजे राम नगर क्षेत्र के कागोर्त गांव के पास एक खतरनाक मोड़ पर बस अनियंत्रित हाेकर एक खाई में लुढ़क गई। स्थानीय लोग सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबे से घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य आपातकालीनकर्मी जल्द ही माैके पर पहुंचे और पीड़ितों को निकालने का काम शुरू कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि खाई और बस के मलबे से 15 शव बरामद किए है और 20 लाेगाें काे घायलावस्था में अस्पताल पहुंचाया गया जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दुर्घटना के बाद उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा से बात की। मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि अभी-अभी उधमपुर के डीसी मिंगा शेरपा से बात की है क्योंकि मुझे एक घंटे से भी कम समय पहले कानोटे गांव में रामनगर से उधमपुर जा रही एक सार्वजनिक परिवहन बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया गया है। हताहतों की अधिक हाेने की आशंका है। पीड़िताें काे हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। घायलों को चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल ले जाया गया है। गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की जा रही है। सिंह ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन और बचाव अभियान में शामिल भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं की टीम के साथ लगातार संपर्क में हैं।
एलजी मनोज सिन्हा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उधमपुर में हुई यह दुखद सड़क दुर्घटना हृदयविदारक है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मैंने जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी रामनगर से उधमपुर जा रही एक यात्री बस की इस दुखद सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री कारयालय ने एक पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और सभी आवश्यक सहायता दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

