रेल परिचालन सुचारू रखने के लिए चक्रवात अर्नब की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रहीः वैष्णव
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को चक्रवात अर्नब के प्रभाव के मद्देनजर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जमीनी स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि रेलवे नेटवर्क पर 10 स्थानों पर पेड़ गिरने जैसी मामूली बाधाओं को तत्काल दूर कर दिया गया है।
वैष्णव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है, ताकि रेलगाड़ियों का परिचालन सुरक्षित और सुचारु बना रहे।
आंध्र प्रदेश तट पर यानम-काकीनाडा के निकट चक्रवात अर्नब के दस्तक देने के मद्देनजर रेलवे ने सुरक्षा उपाय तेज कर दिए हैं। चक्रवात के कारण तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश और जलभराव की स्थिति पैदा होने की आशंका को देखते हुए रेल परिचालन की लगातार निगरानी की जा रही है।
इससे पहले, संभावित जोखिमों को कम करने के लिए आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा के तटीय मार्गों पर कई रेलगाड़ियों को एहतियातन रद्द किया गया था।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में परिचालन की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

