home page

यूपी और नाइजीरिया के बीच कृषि क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाओं पर मंथन

 | 
यूपी और नाइजीरिया के बीच कृषि क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाओं पर मंथन


नाइजीरिया के प्रतिनिधिमंडल ने यूपी के कृषि मंत्री से की मुलाकात

लखनऊ, 19 अगस्त (हि.स.)। योगी सरकार प्रदेश के कृषि क्षेत्र को आधुनिक, तकनीक आधारित और अधिक लाभकारी बनाने के साथ ही वैश्विक स्तर पर कृषि क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाएं तलाश रही है। इसी क्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में बुधवार को लखनऊ के एक निजी होटल में नाइजीरिया के कृषि एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री सीनेटर डॉ. अलीयू साबी अब्दुल्लाही के नेतृत्व में आए 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में उत्तर प्रदेश और नाइजीरिया के बीच कृषि क्षेत्र में सहयोग, नवाचार और नई संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि के लिए बीज से बाजार तक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि कृषि में आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देते हुए किसानों की लागत कम हो और उनकी आय एवं लाभ में वृद्धि हो।

बैठक के दौरान नाइजीरियाई प्रतिनिधिमंडल ने अपने देश में कृषि क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न नवाचारों और प्रयासों की जानकारी साझा की। दोनों पक्षों ने कृषि एवं खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में आपसी अनुभवों और तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से प्रमुख सचिव उद्यान बीएल मीणा, प्रमुख सचिव कृषि रवींद्र तथा आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता योगेश कुमार ने प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें प्रदेश में कृषि एवं उद्यान क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों, आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल तथा कृषि की लागत कम करके किसानों का लाभ बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नाइजीरियाई प्रतिनिधिमंडल को उत्तर प्रदेश में कृषि उत्पादन, उद्यानिकी, सहकारिता तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों और नवाचारों से भी अवगत कराया गया।

बैठक का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में दोनों पक्षों के अनुभवों को साझा करने के साथ-साथ नई संभावनाओं की तलाश करना रहा। कृषि तकनीक, खाद्य सुरक्षा, ग्रामीण विकास, कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन और किसानों को अधिक लाभ दिलाने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

नाइजीरियाई प्रतिनिधिमंडल में राज्य मंत्री सीनेटर डॉ. अलीयू साबी अब्दुल्लाही के साथ मोहम्मद इहिएज़ुए अब्दुलमुतालिब, बोलुवाडे एबेनेज़र ओलामिडे, इंजीनियर अमीनू बोडिंगा मोहम्मद, डॉ. एडेट एकाँग, इलुरोमी डेबोला, गालान्ती मलामी मोहम्मद, अदुनमो रूफस संडे, डॉ. जिब्रिल शान्ताली मोहम्मद और इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार झा शामिल रहे।

बैठक में प्रमुख सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, प्रमुख सचिव सहकारिता अजय कुमार शुक्ला, महानिदेशक उपकार संजय सिंह, निदेशक कृषि टीएम त्रिपाठी, निदेशक उद्यान भानु प्रकाश राम त्रिपाठी सहित कृषि, उद्यान एवं सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन