home page

प्रधानमंत्री संग्रहालय में ‘वॉकिंग विद लेगेसी’ प्रदर्शनी शुरू, 24 जुलाई तक देख सकेंगे दर्शक

 | 
प्रधानमंत्री संग्रहालय में ‘वॉकिंग विद लेगेसी’ प्रदर्शनी शुरू, 24 जुलाई तक देख सकेंगे दर्शक


नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री संग्रहालय ने बुधवार को अपनी विशेष प्रदर्शनी ‘वॉकिंग विद लेगेसी’ का शुभारंभ किया। संग्रहालय के ब्लॉक-1 स्थित परिचय गैलरी में आयोजित यह प्रदर्शनी 24 जुलाई तक आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी।

प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय (पीएमएमएल) की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री संग्रहालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रियंका मिश्रा भी उपस्थित रहीं।

संग्रहालय की आरक्षित संग्रह सामग्री से चयनित छड़ियों (वॉकिंग स्टिक्स) और बैटनों को इस प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी इन वस्तुओं की कलात्मकता, शिल्प कौशल और उनके सांस्कृतिक व ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करती है। साथ ही यह भी दर्शाती है कि विभिन्न कालखंडों में छड़ियां और बैटन नेतृत्व, अधिकार, सामाजिक प्रतिष्ठा और व्यक्तिगत पहचान के प्रतीक के रूप में किस प्रकार उपयोग में लाई जाती रही हैं।

प्रदर्शनी में प्रदर्शित कई वस्तुएं देश के प्रमुख नेताओं और विशिष्ट व्यक्तित्वों से जुड़ी रही हैं। इनके साथ संबंधित ऐतिहासिक संदर्भ और व्यक्तिगत प्रसंग भी प्रस्तुत किए गए हैं, जिससे दर्शकों को इन दुर्लभ धरोहरों को समझने का अवसर मिलेगा।

प्रधानमंत्री संग्रहालय के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य संग्रहालय के आरक्षित संग्रह को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाना तथा भारत की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। प्रदर्शनी में उपलब्ध व्याख्यात्मक सामग्री और विशेष प्रस्तुति के माध्यम से आगंतुक इन ऐतिहासिक वस्तुओं के महत्व को करीब से समझ सकेंगे।

संग्रहालय प्रशासन ने लोगों से प्रदर्शनी का अवलोकन करने और इन ऐतिहासिक धरोहरों की विरासत से परिचित होने का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर