नेपाल आपदा में लापता लोगों के परिवारों की मदद के लिए बंगाल सरकार ने उठाए कदम
कोलकाता, 16 सितंबर (हि. स.)। नेपाल में आई आपदा के बाद पश्चिम बंगाल के 37 लोग लापता हैं। कई परिवारों के एकमात्र कमाने वाले सदस्य का अब तक पता नहीं चल पाया है। अपनों के लापता होने के साथ ही इन परिवारों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। राज्य सरकार ने ऐसे परिवारों की मदद के लिए कई कदम उठाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उत्तर बंगाल के एक परिवार को अपना एक महीने का वेतन देने का निर्णय लिया है। वहीं, जिन परिवारों के एकमात्र कमाने वाले सदस्य लापता हैं, उनके परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने के विषय पर भी विचार किया जा रहा है।
बुधवार को राज्य सचिवालय नवान्न में लापता लोगों के परिवारों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और लापता लोगों के परिवारों के सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
मुख्यमंत्री ने उत्तर बंगाल के एक परिवार को एक महीने का वेतन देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा चार ऐसे परिवारों की पहचान की गई है, जिनके एकमात्र कमाने वाले सदस्य लापता हैं। इन परिवारों के एक सदस्य को नौकरी देने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक चार परिवारों की देखरेख के लिए एक अधिकारी को जिम्मेदारी देने का भी निर्णय लिया गया है। किसी तरह की समस्या होने पर परिवार संबंधित अधिकारी से संपर्क कर सकेंगे।
लापता लोगों के परिवारों ने बताया कि परिवार के सदस्य के लापता होने के कारण उन्हें बैंक संबंधी काम करने में परेशानी हो रही है। गैस बुकिंग और पेंशन निकालने जैसी प्रक्रियाएं भी प्रभावित हुई हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन समस्याओं का जल्द समाधान करने का निर्देश दिया है।
राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि नियम के अनुसार डीएनए नमूने भेजे गए हैं, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। इसके बाद लापता लोगों के परिवारों ने एक निश्चित अवधि के बाद उन्हें मृत घोषित करने की मांग की है। हालांकि, राज्य के अधिकारियों का कहना है कि राज्य सरकार अपने स्तर पर ऐसा निर्णय नहीं ले सकती। यह मामला केंद्र और नेपाल सरकार से संबंधित है। राज्य सरकार केंद्र के संपर्क में है और वहां से मिलने वाले निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राज्य सरकार ने कहा है कि उसके अधिकार क्षेत्र में लापता लोगों के परिवारों की हरसंभव सहायता की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

