home page

केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, 17 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी करेंगे उद्घाटन

 | 
केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, 17 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी करेंगे उद्घाटन


नई दिल्ली, 08 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बुधवार को पुनर्विकसित जालंधर कैंट (जेआरसी) रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री 17 जुलाई को लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित इस ऐतिहासिक रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे।

केंद्रीय रेल मंत्रालय ने बताया कि निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने फिरोजपुर मंडल के वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के साथ स्टेशन परिसर का दौरा किया और यात्री सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा उद्घाटन कार्यक्रम से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पंजाब को यह महत्वपूर्ण सौगात देने और क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस आधुनिक यात्री केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।

करीब 110 वर्ष पुराने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया गया है। परियोजना में स्टेशन की ऐतिहासिक वास्तुकला को संरक्षित रखते हुए पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले कई तत्वों को शामिल किया गया है। पुनर्विकास के बाद स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं, बेहतर यात्री अनुभव और सुगम आवागमन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

पुनर्विकसित स्टेशन में विशाल डबल-हाइट एयर कॉन्कोर्स, मजबूत स्टील प्लेटफॉर्म रूफिंग, स्लिप-प्रतिरोधी फर्श, ऊर्जा दक्ष एलईडी प्रकाश व्यवस्था तथा शहर के दोनों ओर से आसान प्रवेश की सुविधा विकसित की गई है। इसके अलावा यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए छह मीटर और नौ मीटर चौड़ाई वाले दो नए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाए गए हैं।

स्टेशन पर 40 मीटर चौड़ी ट्रफ रूफ विकसित की गई है, जो 200 मीटर लंबे प्लेटफॉर्म क्षेत्र के लगभग 8,720 वर्गमीटर हिस्से को कवर करती है। इसके साथ ही 36 मीटर चौड़ा और 1,770 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाला आधुनिक एयर कॉन्कोर्स भी बनाया गया है। परियोजना के तहत 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल का नया द्वितीय प्रवेश भवन तथा लगभग 4,855 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाला पार्किंग क्षेत्र भी विकसित किया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन औसतन 7,500 यात्री आवागमन करते हैं। स्टेशन पर प्रतिदिन 66 अप और 66 डाउन ट्रेनों का ठहराव होता है। इनमें दो जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस, एक हमसफर एक्सप्रेस, एक गरीब रथ एक्सप्रेस सहित कई मेल, एक्सप्रेस और यात्री ट्रेनें शामिल हैं। यह स्टेशन पूरी तरह यात्री सेवाओं के लिए समर्पित है और यहां किसी प्रकार की माल ढुलाई गतिविधि नहीं होती।

निरीक्षण के बाद रवनीत सिंह बिट्टू ने पुनर्विकास कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्नत सुविधाओं से लैस यह स्टेशन यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। यह परियोजना भारतीय रेलवे की आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और विश्वस्तरीय रेलवे अवसंरचना विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साथ ही यह पंजाब की सांस्कृतिक पहचान और विरासत को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करेगा।

उन्होंने कहा कि स्टेशन के आधुनिकीकरण से क्षेत्र में रेल यातायात को नई गति मिलेगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी