home page

‘ऑपरेशन टाइगर’ से पहले महाराष्ट्र की हालत देख लें शिंदे: आदित्य ठाकरे

 | 

मुंबई, 15 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन टाइगर 3.0’ की चर्चाओं के बीच शिवसेना (यूबीटी) के विधायक आदित्य ठाकरे ने शिंदे गुट पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन टाइगर शुरू करने से पहले महाराष्ट्र की हालत देख लेनी चाहिए। अब अपना राजनीतिक वजूद बचाने की कोशिश की जा रही है।

चर्चा है कि उपमुख्यमंत्री शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना एक बार फिर उद्धव ठाकरे गुट के विधायकों और सांसदों को अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही है। शिंदे गुट के नेता एवं मंत्री उदय सामंत ने भी ऐलान किया है कि एक बार फिर ‘ऑपरेशन टाइगर’ होने वाला है। हालांकि, उन्होंने इसकी तारीख और समय का खुलासा नहीं किया है।

उदय सामंत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आदित्य ठाकरे ने शिंदे गुट पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र को धोखा देने के पीछे पैसा और सत्ता का लालच है। संबंधित नेता अब अपनी राजनीतिक छवि बचाने के लिए नए तरीके तलाश रहे हैं, क्योंकि भाजपा उनका गला घोंट रही है।

राज्य के विभिन्न मुद्दों का जिक्र करते हुए आदित्य ठाकरे ने सूखे के कारण किसानों को हो रही परेशानियों, मराठवाड़ा में पानी की कमी, बढ़ते प्रदूषण, उद्योगों के राज्य से बाहर जाने और नासिक में सड़कों की खराब हालत पर सवाल उठाए। उन्होंने पालक मंत्री संजय शिरसाट के आवास पर पथराव और छात्र आंदोलन का भी उल्लेख किया।

आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के निजीकरण की कोशिश की जा रही है और अस्पतालों को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि एक दिन सब कुछ अडानी के नाम पर हो जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार