शिवसेना शिंदे के नेता धंगेकर ने चंद्रकांत पाटिल को पद से हटाने की मांग की
मुंबई, 23 नवंबर (हि.स.)। शिवसेना शिंदे के नेता रवींद्र धंगेकर ने अशोक खरात मामले में महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल के इस्तीफे और उन्हें पद से हटाने की मांग की है।
धंगेकर ने 23 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अशोक ख़रात का पैर छूते हुए चंद्रकांत पाटिल का फोटो डाला है।
उन्होंने कहा कि अशोक खरात के ऊपर केवल छाता पकड़ने के कारण रूपाली चाकणकर को राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब चाकणकर पर ऐसी कार्रवाई हुई, तो खरात के पैर छूने वाले चंद्रकांत पाटिल के लिए अलग नियम क्यों हैं?
धंगेकर ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अपील की है कि न्याय करते समय व्यक्ति देखकर फैसला न लिया जाए और रूपाली चाकणकर वाला ही मापदंड चंद्रकांत पाटिल पर भी लागू कर उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए।
नासिक के अशोक ख़रात नासिक रोड मध्यवर्ती कारागृह में यौन शोषण, जादू-टोना , धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े कई मामलों में न्यायिक हिरासत में है।
नासिक सत्र न्यायालय ने अक्टूबर 2026 में उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद से वह जेल में ही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी

