शिक्षा को विभिन्न संस्कृतियों और समुदायों के बीच एक सेतु का काम करना चाहिए : सीपी राधाकृष्णन
पुणे, 21 नवंबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि शिक्षा को विभिन्न देशों, संस्कृतियों और समुदायों के बीच एक सेतु का काम करना चाहिए, जो भारत की 'वसुधैव कुटुम्बकम' (पूरा विश्व एक परिवार है) की भावना को दर्शाता है।
उप राष्ट्रपति राधाकृष्णन शनिवार को पुणे के सिम्बायाेसिस इंटरनेशनल (डीम्ड) यूनिवर्सिटी के 23वें दीक्षांत समाराेह को बतौर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। समारोह के दौरान विभिन्न देशों के अंतरराष्ट्रीय छात्रों ने उप राष्ट्रपति को अपने-अपने देशों के राष्ट्रीय ध्वज भी भेंट किए।
उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्कृतियाें का स्वागत करना, उनका सम्मान करना और उन्हें अपनाना ही भारत की असली ताकत है। उन्होंने स्नातकों को बधाई देते हुए सिम्बायोसिस के वैश्विक स्वरूप की सराहना की, जहां 85 देशों के 3,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय छात्र एक साथ अध्ययन कर रहे हैं।
उन्होंने स्नातक होने वाले छात्रों से आह्वान किया कि वे जीवन भर सीखने की प्रवृत्ति अपनाएं, ईमानदारी के साथ उत्कृष्टता हासिल करें और 'विकसित भारत @ 2047' के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।
पुणे के कार्यक्रम के बाद, उपराष्ट्रपति आज ही तमिलनाडु के चेन्नई के लिए रवाना होंगे, जहां वे नेल्लाई नाडार मैट्रिकुलेशन हायर सेकेंडरी स्कूल के 42वें वार्षिक दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे।
इससे पूर्व आज पुणे हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा और राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने उपराष्ट्रपति का स्वागत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी

